बरेली

Bareilly News: नोडल अधिकारी दूर कराएंगे उद्योग स्थापना में आ रही समस्या

Connect News 24

बरेली। कमिश्नरी सभागार में क्रमवार बैठकों के बावजूद उद्योग स्थापना में आ रही अड़चन के मामले थम नहीं रहे हैं। मंगलवार को भी मंडलीय उद्योग बंधु समिति एवं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की समीक्षा बैठक में उद्यमियों ने समस्याएं उठाईं। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने उद्योग स्थापना में आ रहीं अड़चनों को दूर करने के लिए नोडल अधिकारी तैनाती के निर्देश दिए हैं।

मैसर्स बरेली डेयरी क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने अग्निशमन विभाग से एनओसी न मिलने, मैसर्स रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रतिनिधि ने भूमि की उपलब्धता न होने, पीलीभीत के मैसर्स बालाजी खांडसारी उद्योग के प्रतिनिधि ने प्रदूषण विभाग से एनओसी न मिलने, शाहजहांपुर के मैसर्स कृष्णा सोलर फार्म ने इकाई के विस्तार के लिए भूमि आंवटन का आवेदन निरस्त किए जाने की समस्या बताई। समीक्षा में भू उपयोग परिवर्तन, प्रदूषण और अग्निशमन की एनओसी के मामले ज्यादा रहे। इस पर कमिश्नर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निवेशकों से समन्वय कर इकाई स्थापना की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने किसी अधिकारी को नोडल नामित करने के लिए भी कहा। उपायुक्त उद्योग, उद्यमी मित्र समन्वय स्थापित करते हुए निवेशकों की समस्या की रिपोर्ट डीएम को सौंपेंगे।

मेगा फूड पार्क के बचे भूखंड आवंटन पर मंथन

बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर में अग्निशमन केंद्र की स्थापना के लिए बरेली विकास प्राधिकरण के सचिव जोगिंदर सिंह ने प्राप्त टेंडर के तकनीकी परीक्षण के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की जानकारी दी। मेगा फूड पार्क के संबंध में यूपीसीडा आरएम ने उपकेंद्र यूपीपीसीएल को जल्द हस्तांतरण की जानकारी दी। कमिश्नर ने 20 अगस्त तक हस्तांतरण के लिए कहा। पार्क के 67 भूखंड आवंटित हो चुके हैं। 62 बचे हुए भूखंडों में 37 के साइट प्लान न होने से निवेश मित्र पोर्टल पर आवंटन अपलोड नहीं हो सके हैं। कमिश्नर ने भूूखंड का आवंटन तेज करने के निर्देश दिए।

सॉफ्टवेयर पार्क की सुविधाओं की दी जानकारी

सॉफ्टवेयर पार्क के निर्माण के संबंध में एसटीपीआई लखनऊ के एडिशनल डायरेक्टर प्रवीन कुमार द्विवेदी ने पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिये उद्यमियों को आईटी पार्क में मिलने वाली सुविधाओं और सरकार के वित्तीय प्रोत्साहनों की जानकारी दी। रिछा में औद्योगिक इकाइयों को विद्युत आपूर्ति के लिए रीवैंप योजना में प्रस्ताव भेजने की जानकारी दी। स्वीकृति होने पर निर्माण कार्य कराने की बात कही। बैठक में पुलिस प्रशासन के अधिकारी, उद्यमी पवन अरोड़ा, आशुतोष शर्मा, एसके सिंह, उन्मुक्त संभव शील, दिनेश गोयल, विमल रेवाड़ी अन्य मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button