Bareilly News: पुलिस ने किराये के मकान में अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी पकड़ी
बहेड़ी। पुलिस ने शुक्रवार को मोहल्ला मोहम्मदपुर में फायर सर्विस स्टेशन के पास किराये के एक मकान पर छापा मारकर अवैध असलहा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। मौके से बने और अधबने दो दर्जन हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सात तमंचे 315 बोर, छह तमंचे 12 बोर, दो पौनिया, दो बंदूक 12 बोर, एक राइफल, चार अधबने तमंचे व कारतूस और हथियार बनाने के औजार बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए लोगोें में लालाराम निवासी गांव मुड़िया थाना भोजीपुरा और शेरगढ़ थाने के गांव खजुआ जागीर निवासी गुड्डू उर्फ तौफीक हैं।
बताया कि लालाराम पर सीबीगंज, भोजीपुरा, इज्जतनगर थानों में 2012 से अब तक आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गुड्डू दो दशक से अवैध हथियार बनाने के धंधे में लिप्त है। उस पर भी शेरगढ़ समेत आधा दर्जन थानों में अब तक 24 मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि उन्होंने बहेड़ी में पिछले हफ्ते ही एक कमरा किराये पर लेकर धंधा शुरू किया था। इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि कुछ और लोगो के नाम सामने आ रहे हैं। उनके पीछे पुलिस टीम व मुखबिरों को लगाया गया है।
ये रहे टीम में शामिल
इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह, संजीव कुमार नगर चौकी प्रभारी, अरुण कुमार, दुर्गेश कुमार, शांति स्वरूप, पंकज कुमार, रवि कुमार टीम में शामिल रहे।



