Bareilly News: प्रधानमंत्री ने एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग को सराहा, कहा टीम भावना से काम करें शिक्षक
बरेली। राजकीय इंटर कॉलेज के स्मार्ट ऑडिटोरियम में शनिवार को प्रधानमंत्री के संकल्प सप्ताह कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। बहेड़ी के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका रंजना अग्रवाल से संवाद किया। शिक्षिका ने जिले के स्कूलों में स्मार्ट क्लास की स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचारों के बारे में बताया।
प्रधानमंत्री ने परिषदीय स्कूलों के उच्चीकरण और शिक्षा के स्तर में सुधार से जुड़े मुद्दों पर बात की। जिले में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। शिक्षकों को एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग को प्रोत्साहन देने और विद्यालय में टीम भावना के साथ काम करने का संदेश दिया। इस मौके पर डीएम शिवाकांत द्विवेदी, सीडीओ जगप्रवेश, एडी बेसिक विनय कुमार, बीएसए संजय सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पेश हैं प्रधानमंत्री और शिक्षिका के बीच हुई बातचीत के प्रमुख अंश।
प्रश्न : ब्लॉक में आयोजित चिंतन शिविर में आए सुझावों में आपको सबसे अहम क्या लगा?
उत्तर : किसी भी ब्लॉक के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है कि स्टेक होल्डर्स एक ही प्लेटफार्म पर आकर समाज की बेहतरी के लिए काम करें। समावेशी शिक्षा को प्रोत्साहन दिए जाने की जरूरत है।
प्रश्न : आप अपने स्कूल के लर्निंग आउटकम को बेहतर करने के लिए क्या प्रयास कर रही हैं?
उत्तर : परंपरागत शिक्षण को छोड़कर एक्टिविटी बेस्ड लर्निग को प्रोत्साहन दे रही हूं। क्लास में उपस्थिति बढ़ाने के लिए बाल सभा का आयोजन और प्रार्थना सभा में नई गतिविधियों को शामिल किया है। आधुनिकता के युग में विद्यार्थियों को तकनीक से जोड़ने के लिए स्मार्ट शिक्षण जरूरी है।
प्रश्न : अगर स्कूल में स्मार्ट क्लास नहीं है, सुविधाओं का अभाव है तब किस प्रकार शिक्षा में बच्चों की रुचि पैदा करेंगी?
उत्तर : ऐसी स्थिति में टीएलएम के जरिये विद्यार्थियों को स्मार्ट लर्निंग से जोड़ा जा सकता है। उन्हें खेल-खेल में आकर्षक तरीके से सिखाया जा सकता है। प्ले कार्ड के जरिये विद्यार्थियों को गणित-विज्ञान जैसे विषयों में निपुण बनाया जा सकता है।



