Bareilly News: समाधान दिवस में नहीं हो रहा समस्याओं का निस्तारण, अफसरों पर बिफरे डीएम

बरेली। संपूर्ण समाधान दिवस में समस्याओं का निस्तारण नहीं हो रहा। सदर तहसील में शनिवार को पहुंचे फरियादियों ने डीएम से इसकी शिकायत की। बताया कि वह कई बार से दौड़ रहे हैं तो इस पर डीएम सख्त हो गए। उन्होंने शिकायत कक्ष का दरवाजा बंद करवाकर पहले अफसरों से पिछले संपूर्ण समाधान दिवस में आईं शिकायतों के निस्तारण का लेखाजोखा लिया। ढिलाई पर पेच कसे। इस दौरान बाहर फरियादियों की कतार लगती रही। कुछ देर बाद जनसुनवाई शुरू हुई।
हालांकि शिकायतों का त्वरित निस्तारण इस बार भी नहीं हुआ। समाधान दिवस में समस्याएं लेकर 56 फरियादी पहुुंचे लेकिन मौके पर किसी की शिकायत का समाधान नहीं हो सका। डीएम रविंद्र कुमार ने अफसरों को चेताया कि आईजीआरएस पोर्टल और समाधान दिवस में आने वाली फरियादियों के शिकायतों के निस्तारण में खानापूर्ति न हो। बीते माह जिन ग्राम/नगर से पांच या ज्यादा शिकायतें आईजीआरएस पर हुईं, उन्हें शिकायतकर्ता से मिलकर निस्तारित किया जाए। कहा कि फर्जी निस्तारण की पुष्टि या फीडबैक में ई-ग्रेड मिला तो कार्रवाई को तैयार रहें। तहसील में सार्वजनिक भूमि पर कब्जे की शिकायतों के मामले बीते माह से कम होने पर एसडीएम को सराहा। नगर निगम से एक अफसर को बैठक में मौजूद रहने को कहा।
समाधान दिवस में आपसी जमीनी विवाद, चकरोड बंद करने, पारिवारिक विवाद, राजस्व संबंधी शिकायतें आईं। एक बुजुर्ग ने खाते से किसी के द्वारा पैसा निकालने की शिकायत की। डीएम ने एलडीएम को प्रकरण की जांच कर कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए। शनिवार को राजस्व विभाग की 36, पुलिस की 11, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग संबंधी एक शिकायत हुई, जिसे निस्तारण के लिए भेजा गया।
डीएम ने परिसर में लगे विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। विद्युत, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि विभाग, गन्ना, संग्रह, आयुष्मान स्टॉल पर पहुंच रहे लोगों को जागरूक कर सहयोग के निर्देश दिए। इस दौरान एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह, डीडीओ दिनेश कुमार यादव, एसडीएम सदर रत्निका श्रीवास्तव, ट्रेनी एसडीएम रिपुदमन सिंह अन्य मौजूद रहे।
– खेत में पशु चराने पर कुछ लोगों ने बुरी तरह पीटा था। पुलिस से शिकायत के बावजूद सुनवाई न होने पर समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दिया। करीब दर्जन भर बार शिकायत कर चुके हैं पर अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। – धर्मपाल, अटा कायस्थान
– बीते दिनों जमीन खरीदी थी। पैमाइश में लेखपाल ने गूले की दिशा ही बदल दी। सही पैमाइश के लिए कई बार विभाग में शिकायत की पर कुछ नहीं हुआ। अब डीएम ने आश्वासन दिया है। शायद कुछ हो जाए। – नत्थूलाल सागर, अटा कायस्थान
– भउआपुर से 50 गांव होते हुए जिला मुख्यालय को जोड़ रही सड़क जर्जर है। वहीं, भूमि सत्यापन न होने से कई किसान सम्मान निधि नहीं पा रहे। लगातार मांग के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। – राम सिंह, जिलाध्यक्ष, भारतीय किसान मजदूर यूनियन


