Bareilly News: चोरी की बाइक रखने के लिए पुरानी जेल के खंडहर को बनाया गोदाम
बरेली। कोतवाली पुलिस ने पुरानी जिला जेल के खंडहर से ऑटोलिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी ने प्रेसवार्ता के बाद छह आरोपियों को जेल भेज दिया। इनके कब्जे से 11 बाइक बरामद कर ली गईं।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बातया कि कोतवाली पुलिस ने पटेल चौक पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार आजमनगर निवासी सर्वेश कश्यप, सिकलापुर फर्नीचर मंडी के रोहित शर्मा, भमोरा के गांव डप्टा श्यामपुर निवासी विनोद शर्मा, गांव सिरसा के समीर मौर्य को गिरफ्तार किया। चारों के पास चार बाइक कब्जे में लेकर पूछताछ की गई।
जानकारी जुटाकर पुलिस पुरानी जेल के खंडहर में पहुंची। वहां से सिरसा गांव के चरन सिंह और आलमगीरीरंज निवासी विनोद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने खंडहर से चार स्कूटी और तीन बाइक और बरामद की। पता लगा कि सभी बाइक और स्कूटी भुता, फरीदपुर, प्रेमनगर, भोजीपुरा, सीबीगंज, फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं, इनकी रिपोर्ट वहां दर्ज हैं।
वर्जन
– कोतवाली पुलिस ने ऑटोलिफ्टर गिरोह को गिरफ्तार किया है। ये लोग शहर से देहात तक बाइक चोरी कर रहे थे। कई वाहनों को जेल के खंडहर में छिपा देते थे। संबंधित वाहन मालिकों को जानकारी दी जा रही है, उनके वाहन कोर्ट के निर्देश पर दिए जाएंगे। – राहुल भाटी, एसपी सिटी



