Bareilly News: दो पैथोलॉजी लैब की तोड़ी सील, काम शुरू
बहेड़ी। पंजीकरण न मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने जिन दो पैथोलॉजी लैब को बीते दिनों सील किया था, उनका संचालन फिर से शुरू हो गया है। बेखौफ संचालकों ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाई गई सील भी तोड़ दी। शिकायत होने पर सीएचसी प्रभारी ने सीएमओ का आदेश मिलने के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।
कस्बे में जगह-जगह बिना पंजीकरण के अस्पताल और पैथोलॉजी लैब संचालित की जा रही हैं। सीएमओ से शिकायत के बाद शनिवार को सीएचसी प्रभारी डॉ. रोहम नरायन नगला और नदेली रोड पर संचालित दो पैथोलॉजी लैब की जांच करने पहुंचे थे। पंजीकरण न मिलने पर उन्होंने दोनों को सील कर दिया। सोमवार को संचालकों ने फिर से दोनों का संचालन शुरू कर दिया। यहां तैनात कर्मचारियों ने बताया कि सीएचसी प्रभारी की अनुमति के बाद ही सील खोली गई हैं।
वहीं, सीएचसी प्रभारी डॉ. रोहम ने अनुमति देने की बात से इन्कार किया है। उन्होंने बताया कि सील तोड़ने की उन्हें जानकारी नहीं है। पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दी जाएगी। सीएमओ से आदेश मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
वर्जन: सील तोड़ने पर सीएचसी प्रभारी को एफआईआर करानी चाहिए थी। मामले में उनसे बात की गई है। एफआईआर कराने के आदेश भी दिए हैं। मंगलवार को मैं खुद भी बहेड़ी जाऊंगा। – डॉ. विश्राम सिंह, सीएमओ



