Bareilly News: इन्क्यूबेशन फाउंडेशन से स्टार्टअप भर रहे उड़ान
बरेली। विश्वविद्यालय परिसर स्थित रुहेलखंड इन्क्यूबेशन फाउंडेेशन (आरआईएफ) की ओर से 50 से अधिक स्टार्टअप आइडिया को प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब तक 18 स्टार्टअप आइडियाज को इन हाउस किया गया है। 32 स्टार्टअप आइडियाज के आवेदन प्राप्त हुए हैं। स्क्रीनिंग के माध्यम से इन्हें इन हाउस करने की प्रक्रिया चल रही है।
इन्क्यूबेशन फाउंडेेशन में रविवार को हुई प्रेसवार्ता में कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बताया कि फाउंडेशन की मदद से बरेली के लोगों को बेहतर प्लेटफॉर्म दिया जा रहा है। इनोवेटिव आइडिया को लेकर लोग यहां लगातार आ रहे हैं। विवि के इंजीनियरिंग संकाय के कंप्यूटर साइंस व सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के दो छात्रों आदित्यनाथ मिश्रा व रोजकमल लव ने भी बिजनेस स्टार्टअप स्थापित किया है।
क्रोटो क्रिएटर लैब्स के संस्थापक रोजकमल ने बताया कि बिजनेस को मजबूत करने व विस्तारित करने के उद्देश्य से दिल्ली के दो निवेशकों ने करीब 1.25 करोड़ की वित्तीय मदद की है। कंपनी की नेट वर्थ सात करोड़ रुपये है। वहीं जाईफाई कंपनी के सह-संस्थापक हरीशचंद्र पाठक ने बताया कि कंपनी में दिल्ली स्थित दो निवेशकों ने 1.78 करोड़ का निवेश किया है। नेट वर्थ 50 करोड़ है।
फिनलैंड में होगा शो-केस
पांडव एप्लीकेशंस स्टार्टअप जोकी एक सॉफ्टवेयर कंपनी है। इसे 30 नवंबर से एक दिसंबर को फिनलैंड की राजधानी हैलसिंकी में हो रहे इंटरनेशनल स्टार्टअप शो-केस स्लश 2023 कार्यक्रम में स्टार्टअप शो-केस के लिए आमंत्रित किया गया है। देशभर से 30 स्टार्टअप चुने गए थे। इसमें उत्तर प्रदेश से पांच का चयन हुआ है। प्रदेश सरकार की योजना के तहत यात्रा अनुदान के रूप में एक लाख रुपये अनुमन्य कराया है। सत्र 2022-23 में स्टार्ट इन यूपी योजना, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी विभाग की ओर से स्टार्टअप मेडजीवन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को भी पांच लाख की सहायता दी गई है।


