Bareilly News: 2017 से अटका है आगरा फोर्ट के नियमित संचालन का प्रस्ताव
बरेली। सांसद संतोष गंगवार का आगरा फोर्ट एक्सप्रेस के नियमित संचालन का प्रस्ताव 2017 से अटका है। जून 2023 की बैठक में उन्होंने बरेली होते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन का प्रस्ताव भी दिया है। बरेली से मथुरा, आगरा होते हुए दक्षिण भारत तक रेल कनेक्टिविटी संबंधी उनके सुझाव और प्रस्तावों पर बात आगे नहीं बढ़ सकी। हालांकि, सिटी श्मशान भूमि और चौधरी तालाब अंडरपास निर्माण संबंधी उनकी मांगों पर अब 22 करोड़ की लागत से काम शुरू होने वाला है।
केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने जीएम से लेकर रेलमंत्री तक को लिखकर कासगंज, बदायूं से दिल्ली और लखनऊ तक रेल कनेक्टिविटी की मांग की। उनकी मांग पर सितंबर 2022 में रेल मंत्रालय ने अधिकारियों से रिपोर्ट भी तलब की, लेकिन काम आगे नहीं बढ़ सका। कछला स्टेशन के विस्तार समेत उनके और भी कई प्रस्ताव लंबित हैं। बदायूं की सांसद संघमित्रा मौर्य भी बदायूं होते हुए दिल्ली, लखनऊ तक ट्रेन की मांग चार वर्ष से कर रही हैं।
कई सांसद प्रस्ताव देने के बाद पैरवी को लेकर संजीदा नहीं हैं। वह उच्चस्तरीय बैठकों में भी नहीं पहुंचते। जून 2023 में हुई बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, सांसद संतोष गंगवार और संघमित्रा मौर्य ही पहुंचीं। बाकी सांसदों ने अपने प्रतिनिधियों के जरिये सुझाव और प्रस्ताव भिजवा दिए थे।
रेल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। आगरा फोर्ट का नियमित संचालन प्रस्तावित है। कासगंज जंक्शन पर रेल कोच यार्ड का काम पूरा होने के बाद कई नए रूटों पर ट्रेनों का संचालन होगा। जनप्रतिनिधियों के सुझाव और प्रस्तावों पर भी तेजी से काम चल रहा है। – रोहित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक



