Bareilly News: नौचंदी एक्सप्रेस में वसूली करने वाला टीटीई निलंबित
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Wed, 08 Nov 2023 02:00 AM IST
बरेली। प्रयागराज से सहारनपुर के बीच चलने वाली 14511 नौचंदी एक्सप्रेस में यात्रियों से सीट उपलब्ध कराने के नाम पर रुपये वसूलने वाले टीटीई हंसराज को डीआरएम आरके सिंह ने निलंबित कर दिया है। दो दिन पहले टीटीई का यात्रियों से रुपये वसूलते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था।
प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस के बरेली आने का समय रात 1:54 बजे का है। सोमवार को यह ट्रेन 3:40 बजे बरेली आई थी। बरेली से चलने के कुछ देर बाद ही किसी यात्री ने सोशल मीडिया पर ट्रेन के कोच नंबर बी-2 का एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में टीटीई हंसराज यात्रियों से ट्रेन में सीट के बदले यात्रियों से रुपये वसूल कर रहा था। उनको गारंटी भी दे रहा था कि रुपये देने पर कोई परेशानी नहीं होगी। मामले में डीआरएम आरके सिंह से भी एक्स (ट्विटर) के जरिये शिकायत की गई। जांच में प्रथम दृष्टया टीटीई हंसराज पर सीट के बदले यात्रियों से रुपये वसूलने के आरोप सही पाए गए। डीआरएम के आदेश पर उसे निलंबित कर दिया गया है।



