बरेली

Bareilly News: आरके गोला, उसके भाई समेत कंपनी के पदाधिकारियों पर दो और मुकदमे

Connect News 24

बरेली। धोखाधड़ी के मामले में आरके गोला, उसके भाई एके गोला और कंपनी के पदाधिकारियों के खिलाफ दो नई रिपोर्ट प्रेमनगर थाने में दर्ज की गई हैं। लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाली कंपनी आईसीएल (इमेज करियर लिमिटेड) में आरके गोला के साथ उसका छोटा भाई एके गोला भी शामिल था। आरके गोला पर प्रेमनगर थाने में पहले से ही चार मुकदमे दर्ज हैं।

सोमवार को सीबीगंज के सनैया निवासी रामनरेश सागर ने बताया कि उन्होंने आईसीएल में तीन पॉलिसी कराई थी, जिसका समय पूरा होने पर कंपनी ने उनको रकम नहीं लौटाई। कंपनी के सीएमडी आरके गोला, डायरेक्टर एडमिन एके गोला उर्फ बंटी गोला, मैनेजर जेके गुप्ता, दीपक भटनागर, अनिल साहू ने आपस में सांठगांठ कर छल से उनकी रकम हड़प ली है। रामनरेश की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

दूसरी रिपोर्ट संजयनगर ईश्वर एंक्लेव निवासी निर्वेश कुमार ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि आरके गोला की आईसीएल म्यूचुअल फंड्स बेनिफिट्स काॅर्पोरेशन लिमिटेड में 2016 में 10 लाख रुपये का बतौर एफडी निवेश किया था। एफडी की रकम 2021 में लौटाई जानी थी, लेकिन उनको कोई भुगतान नहीं मिला। उनको सिर्फ आश्वासन मिलते रहे। परेशान होकर सोमवार को उन्होंने आरके गोला के खिलाफ प्रेमनगर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।

फोटो

गोला बंधुओं ने मिलकर फैलाया ठगी का नेटवर्क

– खर्च कर नेताओं के बगलगीर बने, उत्तराखंड तक फैलाया जाल

बरेली। दो भाइयों आरके गोला और एके गोला ने मिलकर यूपी और दूसरे राज्यों में ठगी का नेटवर्क खड़ा किया था। उत्तराखंड तक इनका जाल फैला था। वहां के तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र रावत के साथ इनके फोटो वायरल हो रहे हैं।

आईसीएल कंपनी में आरके गोला सीएमडी और उसका भाई एके गोला डायरेक्टर एडमिन है। एके गोला राजनीतिक हस्तियों और बॉलीवुड के लोगों से आरके गोला की मीटिंग कराता था। लोगों की गाढ़ी कमाई को वह उद्योगपतियों और रसूखदार लोगों से संबंध बनाने में लगाता था।

निवेशकों का रुपया लौटाने का समय आया तो दोनों भाइयों ने कोरोना का बहाना किया। अधिक दबाव पर कुछ लोगों को थोड़ा रुपया वापस भी किया, जबकि ज्यादातर रकम गोला भाइयों ने प्रॉपर्टी बनाने और बड़े कार्यक्रम कराने में खर्च कर दी। बदायूं के एजेंट प्रेमशंकर गुप्ता ने भी रुपया वापस नहीं करने पर आरके गोला, एके गोला व जेके गुप्ता के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा कराया था। बदायूं और बरेली में मुकदमे दर्ज होने के बाद आरके गुप्ता अपने साथी जितेंद्र उर्फ जेके गुप्ता के साथ जेल जा चुका है। उसका भाई एके गोला फरार चल रहा है।

बताते हैं कि एके गोला बगावत पर उतर चुके एजेंटों को साधने की कोशिश कर रहा है। उनको भरोसा दे रहा है कि निवेशकों का रुपया लौटाया जाएगा। प्रेमनगर पुलिस भी आरके गोला और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों की जांच कर रही है। अगर एके गोला और अन्य साथियों की भूमिका सामने आई तो कंपनी के और लोगों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

जिन ग्रुपों में आईसीएल का होता था गुणगान, वहां अब गोला के जेल जाने की खबरें

आईसीएल कंपनी के एजेंटों ने लोगों को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया पर कई ग्रुप बना रखे थे। इनमें हमेशा गोला बंधु और कंपनी का गुणगान किया जाता था। अब इन ग्रुपों में आरके गोला के जेल जाने की खबरें प्रसारित की जा रही हैं। गोला बंधुओं को धोखेबाज कहा जा रहा है। कई लोगों ने कमेंट किया है कि उनका रुपया वापस कैसे मिलेगा।

निवेशकों का रुपया हड़पने के मामले में आरके गोला समेत दो लोग जेल भेजे जा चुके हैं। कुछ और मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। पुलिस विवेचना में सच्चाई का पता करेगी, अन्य आरोपी भी जेल भेजे जाएंगे। – राहुल भाटी, एसपी सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button