Bareilly News: ओपीडी में उल्टी-दस्त, बुखार के मरीज बढ़े, 28 बच्चे भर्ती
बरेली। चिलचिलाती धूप में जरा सी लापरवाही लोगों को बीमार बना रही है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1321 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इसमें ज्यादातर को पेट संबंधी समस्याएं रहीं। उल्टी-दस्त और बुखार के करीब 400 मरीज पहुंचे थे। बच्चा वार्ड में 28 बच्चे भर्ती हैं।
सोमवार को सुबह हल्की राहत रही, मगर नौ बजे से फिर धूप सताने लगी। इसी गर्मी के बीच मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। सीएमएस डॉ. अलका शर्मा के मुताबिक ज्यादातर मरीजों में पेट में दर्द, डिहाइड्रेशन, ऐंठन, दस्त-उल्टी, बुखार, सिर और आंखों में तकलीफ थी। वहीं, खुजली, दाने निकलने, दाद और सनबर्न के भी केस आए थे। सभी को दवाएं और बचाव के परामर्श डॉक्टरों ने दिए।
वहीं, बच्चा वार्ड में भी 125 बच्चे इलाज के लिए पहुंचे थे। इसमें से गंभीर हालत में पहुंचे छह बच्चों को भर्ती किया गया। डायरिया की चपेट में आए अब 28 बच्चे भर्ती हैं। उनका इलाज चल रहा है। बताया कि गंभीर मरीजों की जांच हो रही है। मरीजों को सीमित संसाधन में बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।



