Bareilly News: एसएसपी दफ्तर के बाहर सड़क पर उतरीं महिलाएं
बरेली। संजयनगर में बुधवार रात दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना में दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पटाक्षेप नहीं हो पा रहा है। शुक्रवार को यादव पक्ष की महिलाओं ने एसएसपी दफ्तर के बाहर सड़क पर लेटकर प्रदर्शन किया। इससे जाम लग गया। इस पर पुलिस ने बमुश्किल हटाया। इसके बाद एसएसपी ने बुलाकर जांच का आश्वासन दिया इस पर महिलाएं मान गईं।
संजयनगर दुर्गा मंदिर के पास रहने वाले राजू यादव के साथ परिवार की कई महिलाओं ने हंगामा कर प्रदर्शन किया। महिलाएं सड़क पर लेट गईं। इस दौरा पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाया और एसएसपी से मुलाकात मिलवाया। राजू यादव ने बताया कि 15 नवंबर की रात उनका बेटा देव काम से जा रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उसकी पीठ पर चाकू मार दिया। हमले से बचने के लिए घर की तरफ भागा तो हमलावर पीछे दौड़ने लगे। मोहल्ले वालों ने विरोध किया तो आकाश राठौर और दीपक ने फायरिंग कर दी।
आरोप है कि पुलिस से बचने के लिए आकाश ने ही अपने साथी दीपक के हाथ में गोली मार दी और उन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोप है कि बृहस्पतिवार रात साढ़े दस बजे बाइक सवार हमलावर दोबारा उनके घर पर आए। यहां कोई नहीं मिला तो फायरिंग की जिसकी गोली बछड़े को लगी। उन्होंने सूचना दी तो पुलिस ने मौके पर आकर जांच की, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बछड़े को गोली मारने की जांच कराई। पता लगा कि बछड़े को गोली लगी ही नहीं है, वह बिल्कुल ठीक है। फिर परिवार की ओर से दी गई सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई जिसमें बछड़ा उछलता हुआ दिख रहा है। इसमें पता लगा कि बराबर में पटाखा छोड़ा गया होगा। एसपी सिटी ने बताया कि पहले ही दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। इसी आधार पर कार्रवाई होगी। माहौल खराब करने व भ्रामक बातें करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



