Bareilly News: समय सीमा में नहीं पूरे हो सके काम, त्योहारों पर भी झेलनी होगी कटौती
बरेली। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों ने बिजली लाइनों की मरम्मत के लिए 31 अक्तूबर की समय सीमा तय की थी, लेकिन काम अधूरा पड़ा है। दिवाली सिर पर है। घरों की रंगाई व साफ-सफाई कराने के लिए लोगों को बिजली की जरूरत है पर रोज मरम्मत के नाम पर कटौती की जा रही है। यही स्थिति रही तो त्योहार पर भी शहरवासियों को बिजली कटौती झेलनी पड़ेगी।
उपभोक्ताओं ने बताया कि गर्मी में ओवरलोडिंग व फॉल्ट की वजह से कटौती झेलनी पड़ी। तापमान कम होने पर आपूर्ति में सुधार होने की उम्मीद थी, लेकिन अब मरम्मत के नाम पर कटौती की जा रही है। शटडाउन ने आपूर्ति के घंटे घटा दिए हैं। वहीं, कई मोहल्लों में अब भी बिजली के जर्जर तार लटक रहे हैं। सिर पर खतरा मंडरा रहा है पर अभियंता काम पूरा होने का दावा करने में व्यस्त हैं।
कोट
अधिकतर स्थानों पर बिजली लाइनों की मरम्मत हो चुकी है। अगर कहीं कुछ काम रह गए हैं तो उन्हें दिवाली से पहले पूरा करा लिया जाएगा ताकि त्योहार पर आपूर्ति बाधित न हो। रीवैंप योजना के तहत कई काम चरणबद्ध तरीके से हो रहे हैं। आने वाले दिनों में सुधार नजर आएगा। – रणविजय कुमार सिंह, मुख्य अभियंता
ये है जमीनी हकीकत
मुख्य अभियंता कार्यालय से मात्र 500 मीटर के दायरे में गांधी उद्यान से सर्किट हाउस मार्ग पर जर्जर तार लटक रहे हैं।
सर्किट हाऊस मोड़ से कैंट की ओर जाने पर विद्युत विभाग का गेस्ट हाउस है। इसके बाहर एरियल बंच कंडक्टर लटक रहा है।
बीसलपुर चौराहे से जगतपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर ट्रांसफार्मर के केबल सड़क पर बिखरे हैं। बारिश में करंट लगने का खतरा रहता है।
जगतपुर सबस्टेशन के बाहर मोड़ पर ट्रांसफार्मर रखा है। केबल जमीन छू रहे हैं। एक ओर नाला तो दूसरी ओर सड़क है। बैरिकेडिंग भी नहीं है।
फाॅल्ट से बाधित होती है आपूर्ति
बिजली लाइनों की मरम्मत नहीं होने से आए दिन फॉल्ट होते रहते हैं। इससे आपूर्ति बाधित होती है। फाॅल्ट होने से शनिवार को शाम सात से नौ बजे तक आपूर्ति नहीं मिली। – अमन ग्वाल, धौरेरा
कई बार शिकायत के बाद भी खंभे नहीं लगे। बिजली लाइनों के केबल जमीन को छू रहे हैं। पिछले दिनों करंट लगने से जानवर की मौत हो चुकी है। – सत्यपाल गंगवार, बैरियर टू


