Bareilly: लखनऊ तक पहुंचा नौ महिलाओं की हत्या का मामला, सीएम योगी ने दिए खुलासा करने के निर्देश


सीएम योगी आदित्यनाथ
– फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
बरेली के मीरगंज क्षेत्र में सिलसिलेवार नौ महिलाओं की हत्या के बाद पुलिस पर खुलासे का दबाव है। कातिल खुलेआम घूम रहा है। पुलिस बैरियर व कैमरे लगाने में उलझी हुई है। पुलिस का सर्विलांस व मुखबिर तंत्र नाकाम हो रहा है। अफसर रोज दौड़ लगा रहे हैं पर अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। उधर, मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपने क्षेत्र में हुईं नौ महिलाओं की हत्या का मुद्दा उठाया। विधायक के मुताबिक सीएम ने जिले के अफसरों को जल्द खुलासे का निर्देश दिया है।
विधायक ने बताया कि वह शुक्रवार को लखनऊ में सीएम योगी से मिले। उन्हें बताया कि उनके क्षेत्र में पांच महीने में नौ महिलाओं की मौत हो चुकी है। इस मामले में त्वरित खुलासे कराए जाएं। सीएम ने उन्हें बताया कि इस बारे में संबंधित पुलिस अधिकारियों को उन्होंने निर्देशित किया है। विधायक के मुताबिक उन्होंने प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद देने की मांग भी सीएम से की। सीएम ने इसे ध्यानपूर्वक सुना। उन्हें लगता है कि उनकी इस मांग पर विचार किया जा रहा है।
एसएसपी बोले- तीन घटनाओं का खुलासा बाकी
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि अभी तक जो नौ हत्याएं हुई हैं, उनमें तीन का खुलासा हो चुका है। तीन महिलाओं का विसरा सुरक्षित किया गया है, उसमें अभी हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। बाकी तीन घटनाओं की विवेचना चल रही है। इलाके में महिला अफसरों को भी लगाकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है।



