Rampur : गहनों पर अवैध रूप से हॉलमार्क लगाने वाली दुकान पर BIS का छापा, 20 रुपये में लग जाती थी निशानी

demo pic…
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बीआईएस (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड) गाजियाबाद शाखा की टीम ने सोमवार को शिकायत के आधार पर मेसर्स श्री बालाजी लेजर कटिंग सर्राफा बाजार में तलाशी और जब्ती अभियान चलाया। फर्म बीआईएस में पंजीकृत हुए बिना अवैध हॉलमार्किंग कर रही थी।
यह ऑपरेशन भारतीय मानक ब्यूरो के संयुक्त निदेशक विक्रांत और दिव्यांशु यादव, सहायक निदेशक हरीश मीना औरहरिओम मीना द्वारा थाना कोतवाली पुलिस के साथ किया गया था। तलाशी और जब्ती अभियान के दौरान, लैपटॉप (लेजर मशीन सॉफ्टवेयर वाले), डायरी (बिक्री, खरीद के रिकॉर्ड और फर्जी एचयूआईडी नंबरों की सूची) और लेजर मार्किंग मशीन को सील कर दिया गया।
भारतीय मानक ब्यूरो के संयुक्त निदेशक विक्रांत ने बताया कि शिकायत मिली थी कि श्री बाला जी लेज़र कटिंग का स्वामी धर्मेंद्र रस्तोगी पुत्र जय प्रकाश रस्तोगी अपने साथियों के साथ मिलकर सराफा बाजार में रूपयों के लालच में डाई कटिंग मशीन से मेटल के आभूषणों पर अवैध हॉलमार्क लगाने का कार्य करता है। जिस पर टीम ने जांच की तो मामला सही पाया गया और छापेमारी अभियान चला कर इस मशीन को सीज किया गया है। कोर्ट में वाद दाखिल किया जाएगा।
20 से 50 रुपये में लगा देते थे हॉलमार्क
सूत्रों के मुताबिक धर्मेंद्र रस्तोगी अपनी दुकान में कुछ महीने पहले लेजर कटिंग की मशीन लेकर आया था, जिससे चांदी और मेटल की कटिंग की जाती है। जानकारी करने में पता लगा कि इस लेजर कटिंग मशीन से कंप्यूटर की सहायता से मेटल के तथा कम सोने वाले आभूषणों पर फर्जी होल मार्क बनाया जा सकता है। कुछ दुकानदारों का कहना है कि धर्मेंद्र रस्तोगी 20 से 50 लेकर मेटल के आभूषणों पर अवैध हॉल मार्क लगा दिया करता था।