Budaun: जमीन की पैमाइश के दौरान लेखपाल-कानूनगो पर हमला, तीन आरोपियों पर एफआईआर

सांकेतिक तस्वीर।
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आरिफपुर नवादा इलाके में भूमि पैमाइश के दौरान लेखपाल और कानूनगो पर हमला हो गया। आरोपियों ने उनसे नक्शा छीनकर फाड़ दिया। उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया। लेखपाल और कानूनगो को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। लेखपाल ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
सदर तहसील में तैनात लेखपाल कमल कुमार सिंह के अनुसार उन पर आरिफपुर नवादा हलका है। वह 22 नवंबर को आरिफपुर नवादा इलाके में कानूनगो रवींद्र कुमार शर्मा के साथ भूमि की पैमाइश करने गए थे। आरिफपुर नवादा के सज्जाद हुसैन और साजिद हुसैन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था। वह काफी समय से उसे जोत रहे थे।
भूमि की पैमाइश के दौरान सज्जाद और उसका बेटा ताहिर मौके पर आ गया। उन्होंने उनके साथ गालीगलौज शुरू कर दी और उनके पास दौड़ते हुए आए। उनके हाथ से सरकारी नक्शा छीनकर फाड़ दिया। आरोपी उन पर हमलावर हो गए। उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे।
किसी तरह वह और कानून-गो वहां से अपनी जान बचाकर भागे। बाद में उन्होंने सिविल लाइंस थाने जाकर साजिद, सज्जाद और ताहिर के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने इसकी विवेचना शुरू कर दी है।


