Budaun: तीन बेटों की मौत होने से टूट गया परिवार; ताई की अंत्येष्टि में गए थे, नहाते समय नदी में डूबे तीनों

सोहित, भूपेंद्र और रोहित के फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के हजरतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को तीन सगे भाइयों की रामगंगा में डूबकर मौत हो गई थी। जिस जगह हादसा हुआ, वहां रामगंगा घाट पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। घाट पर न तो खतरे का निशान लगा था और न ही वहां कोई गोताखोर था। इस घाट पर उस क्षेत्र के लोग अंत्येष्टि करने आते हैं और बड़ी संख्या में यहां लोग स्नान पर्व पर डुबकी लगाते हैं।
गांव गढ़िया शाहपुर निवासी दिनेश के पुत्र भूपेंद्र (20), रोहित (18) व सोहित (16) शनिवार को अपनी ताई के अंतिम संस्कार करने गए थे। अंत्येष्टि के बाद तीनों नदी में नहाने लगे। इसी दौरान भूपेंद्र डूबने लगा। पास में स्नान कर रहे रोहित और सोहित ने जब उसे डूबते देखा तो उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तीनों डूब गए।
काफी देर में पहुंचे गोताखोर
हादसे के बाद नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरे ही बिना संसाधन उनको बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन उनका प्रयास सफल नहीं हुआ। एसडीएम धर्मेंद्र कुमार जब दातागंज से वहां पहुंचे तो गोताखोर बुलाए गए थे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गोताखोर पहुंचे तब जाकर तीनों को बाहर निकाला गया।