Budaun News: नगर पालिका व नगर पंचायतों में पहली बार चुने गए 13 अध्यक्ष
– तीन पालिकाओं और 10 नगर पंचायतों में बने नए अध्यक्ष, आठ में पुराने चुने गए
उमेश राठौर
बदायूं। जिले की सात नगर पालिका और 14 नगर पंचायतों में 13 प्रत्याशी पहली बार अध्यक्ष चुने गए हैं। हालांकि तीन प्रत्याशी ऐसे हैं जो वर्ष 2017 में भी चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार अध्यक्ष बन गए। अब वह अपनी नगर पालिका या नगर पंचायतों में विकास कराएंगे।
नगर पालिका ककराला से इंतखाब अहमद सकलैनी पहली बार चुनाव जीते हैं। इससे पहले वह वर्ष 2017 का चुनाव लड़े थे, लेकिन कुछ वोटों से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस बार उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। नगर पालिका बिल्सी से ज्ञानदेवी सागर और नगर पालिका दातागंज से नैना गुप्ता पहली बार चुनाव लड़ी और पहली बार में ही जीत हासिल की। नगर पंचायत कछला की बात करें तो यहां जगदीश लोनिया अध्यक्ष बने हैं। हालांकि उन्होंने दूसरी बार में जीत दर्ज की।
नगर पंचायत मुड़िया धुरे की से अनुपम पाठक, नगर पंचायत सखानू से मोहम्मद फैसल, नगर पंचायत कुंवरगांव से ज्योति रानी, नगर पंचायत उसावां से प्रियंका सिंह, नगर पंचायत रुदायन से सीमा चौधरी, नगर पंचायत वजीरगंज से नूरसबा बेगम, नगर पंचायत गुलड़िया से तारा देवी, नगर पंचायत दहगवां से पार्वती राणा ने पहली बार चुनाव लड़ा और नगर पंचायत अध्यक्ष बनीं। नगर पंचायत अलापुर से हुमा बी जरूर दूसरी बार चुनाव लड़ी हैं लेकिन पहली बार नगर पंचायत अध्यक्ष बनी हैं। (संवाद)
युवाओं का जोश और बुजुर्गों का अनुभव चलाएगा सरकार
21 नगर पालिका और नगर पंचायतों में मुड़िया धुरेकी की नगर पंचायत अध्यक्ष अनुपम पाठक सबसे कम उम्र की हैं। उनकी उम्र 33 साल है तो वहीं सखानू के फैसल 36, रुदायन की सीमा चौधरी की 36 साल उम्र है। इनके अलावा बदायूं, ककराला, सहसवान, कछला, उसावां, वजीरगंज के नगर पंचायत अध्यक्ष 40 से 50 के बीच में हैं। तो वहीं बिसौली, उझानी, बिल्सी, दहगवां, फैजगंज बेहटा, सैदपुर, गुलड़िया और उसहैत के अध्यक्ष पचास साल से ऊपर हैं।