Budaun News: बकाया जमा नहीं करने पर 18 बीघा जमीन कुर्क
सहसवान। बार-बार सूचना देने के बावजूद बकायेदार द्वारा बकाया जमा न करने पर प्रथमा ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक ने राजस्व टीम के साथ ग्राम टेहरा में ढोल नगाड़े से मुनादी कराते हुए 18 बीघा भूमि कुर्क कर ली। अन्य बकायेदारों को भी बकाया जल्द जमा करने को नोटिस दिया गया।
सहसवान प्रथमा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक अतुल शर्मा के अनुसार, साल 2016 से पांच लाख रुपये से अधिक रकम की बकाया जमा न करने वाले बकायेदार अनेक सिंह पुत्र लटूरी निवासी ग्राम टेहरा के बारे में राजस्व टीम को बताया गया था। इस पर एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित करते हुए अनेक सिंह की राजस्व भूमि को कुर्क कर बकाया राशि वसूल करने के निर्देश दिए। इस पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गांव में पहुंची टीम ने मुनादी कराते हुए उसकी 18 बीघे भूमि को कुर्क कर लिया। गांव के अन्य बकायेदार कार्रवाई को देखकर अपना घर छोड़कर इधर-उधर हो गए।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि अनेक सिंह को कई बार बैंक द्वारा नोटिस भेजे गए तथा व्यक्तिगत व मौखिक रूप से भी उसको जानकारी दी गई लेकिन उसने बकाया जमा नहीं किया। उन्होंने कहा कि अन्य बकायेदार अपनी बकाया राशि कर दें। कुर्की के समय लेखपाल कौशल यादव, राजस्व कर्मी रवि यादव, रामपाल, राजेश शाक्य, सुनील कश्यप आदि मौजूद रहे। संवाद

