Budaun News: अनुपस्थित चल रहे सफाई कर्मियों पर होगी कार्रवाई
बदायूं। जिले के अलग-अलग ब्लॉक क्षेत्रों में तैनात पांच सफाई कर्मचारी लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे हैं। लगातार ग्राम पंचायतों से शिकायतें आ रहीं हैं। डीपीआरओ का कहना है कि नोटिस भेजने के बाद जवाब न आया तो उन्हें बर्खास्त कर दिया जाएगा।
इस्लामनगर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत नदेरी में तैनात सफाई कर्मचारी विजय पाल जून 2022 से अनुपस्थित हैं। ग्रामीण कई बार इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा म्याऊ ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिलहरी में तैनात सफाई कर्मचारी सूरजश्री पत्नी रामआसरे मई 2021 से अनुपस्थित हैं।
इसी ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुड़सेना में तैनात गीता मौर्य पुत्री लेखराज मौर्य जुलाई 2019 से अनुपस्थित हैं। जगत ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत मई बूचन में तैनात राजपाल अक्तूबर 2022 से अनुपस्थित चल रहे हैं। वहीं सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत रसूलपुर पुठी में तैनात ज्ञानेंद्र पाल सिंह सितंबर 2022 से अनुपस्थित हैं। तब से यह सफाई कर्मचारी ग्राम पंचायतों में नहीं पहुंचे। अब जिला पंचायत राज अधिकारी सभी कर्मचारियों को नोटिस भेज रहे हैं। इसके बाद इनकी बर्खास्तगी की जाएगी।
जिले में पांच सफाई कर्मचारी लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे हैं। उन्हें नोटिस दिया जा रहा है। नोटिस का जवाब न देने पर उन्हें बर्खास्त कर दिया जाएगा।- श्रेया मिश्रा, डीपीआरओ