Budaun News: एक और महिला की बुखार से मौत

बिलहरी गांव में लगे स्वास्थ्य केंप में दवा लेते मरीज। संवाद
बिलहरी गांव में अब तक जा चुकी है सात लोगों की जान, स्वास्थ्य विभाग ने नकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में बुखार से मौतों का सिलसिला जारी है। म्याऊं क्षेत्र के गांव बिलहरी में एक और महिला की मौत बुखार से हो गई। गांव में अब बुखार से मरने वालों की संख्या सात हो गई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग बुखार से मौतों की बात को नकार रहा है।
पिछले दिनों बिलहरी, उझानी के सकरी जंगल, जगत के मुहम्मदनगर सुलसा समेत बिसौली के गदगांव में कुछ लोगों की मौतें हुईं। परिजन जहां इनकी मौत का कारण बुखार बता रहे थे वहीं स्वास्थ्य विभाग ने एक ही दिन में सभी की सर्वे रिपोर्ट जारी करके उनकी मौत के अलग-अलग कारण घोषित कर दिए।
अलापुर। गांव बिलहरी में बुखार का जबरदस्त प्रकोप है। शुक्रवार को भी बुखार से महज बी (30) की उपचार के दौरान दिल्ली में मौत हो गई। इससे पहले भी गांव में बुखार से ग्राम पंचायत सदस्य यस्मीना पत्नी आले नबी, गुलफशा पुत्री इकरार, शाकिब पुत्र अबू तालिब, शाहनाज पत्नी अतहर, नबी शेर और जुम्मन खां की मौत हो चुकी है लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इनकी मौत अलग-अलग कारणों से बताई है।
पूरे गांव की करीब नब्बे फीसदी लोगों बुखार से पीड़ित है। चिकित्साधिकारी डॉ. शुशान बनर्जी ने बताया कि उनकी टीम गांव में लगातार कैंप करके दवा वितरण कर रही है। जांचें भी कराई जा रहीं हैं।
–
बुखार से बचाव को किया जागरूक
उझानी। सकरीजंगल और मानकपुर गांव में बुखार के मरीज सामने आने के बाद शुक्रवार दोपहर चिकित्साधीक्षक डॉ. राजकुमार गंगवार के नेतृत्व में लोगों को जागरूक किया गया। मानकपुर में प्राथमिक विद्यालय के पास और दलित बस्ती में नुक्कड़ कार्यक्रम में चिकित्साधीक्षक राजकुमार गंगवार ने कहा कि घरों के आसपास पानी का भराव नहीं होने दें। जहां भी मच्छर दिखें, कीटनाशक का स्प्रे कराएं। सकरीजंगल में भी स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को जागरूक किया। संवाद


