Budaun News: जरी-जरदोजी से जुड़े कारीगरों को मिलेगा लोन
बदायूं। उपायुक्त उद्योग दुर्गेश कुमार ने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 में जरी-जरदोजी कार्य से जुड़े कारीगर बैंकों से वित्तीय सहायता भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना के तहत 25 लाख तक के ऋण पर 25 प्रतिशत, 50 लाख तक के ऋण पर 20 प्रतिशत एवं 50 लाख से अधिक ऋण पर 10 प्रतिशत या अधिकतम रुपये 20 लाख तक का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जरी-जरदोजी का कार्य एवं जरी उत्पाद का शोरूम/शॉप खोलने के इच्छुक युवक/युवतियों, जिनकी आयु 18 वर्ष या अधिक है वह उद्योग/ सेवा एवं व्यवसाय के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। इसके बारे में जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र अथवा मोबाइल नंबर 9837263341 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। संवाद