Budaun News: घोड़ा बुग्गी से टकराई बाइक, युवक की मौत
दातागंज (बदायूं)। डहरपुर- म्याऊ रोड पर घिलौर गांव के नजदीक शुक्रवार देर शाम एक बाइक सवार घोड़ा बुग्गी से टकरा गया। हादसे में 24 वर्षीय आशीष की मौत हो गई, जबकि उसके भाई समेत दो लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।
कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र के गांव देवकली निवासी आशीष, उसका भाई हंसराज और दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अख्तुईआ निवासी महेंद्र शुक्रवार को नौनी टिकन्ना गांव में वेदराम के यहां गोद भराई की रस्म में शामिल होने आए थे। शाम के समय तीनों लोग एक ही बाइक पर वापस जा रहे थे। इसी दौरान घिलौर गांव के नजदीक उनकी बाइक घोड़ा बुग्गी से टकरा गई। इसमें तीनों लोग बुरी तरह घायल हो गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर तीनों को अस्पताल भेजा गया, लेकिन आशीष की स्वास्थ्य केंद्र ले जाते वक्त मौत हो गई, जबकि हंसराज और महेंद्र की हाल गंभीर है। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया है। बताते हैं कि हादसे के दौरान कोई हेलमेट नहीं लगाया था।
बसों की रेस में एक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, यात्री सुरक्षित
म्याऊं। चालकों की लापरवाही ने शुक्रवार को दर्जनों यात्रियों की जान खतरे में डाल दी। बदायूं से उसावां जा रही सवारियों से भरी बस शुक्रवार को एमएफ हाईवे पर कस्बा म्याऊं के पास माधव लॉन के सामने अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही म्याऊं चौकी पुलिस भी मौके पर तुरंत पहुंच गई। उन्होंने बताया कि आगे निकलने की होड़ में दो बस चालक बसें दौड़ा रहे थे। यात्री सुरक्षित हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।