Budaun News: पानी से पहले पीने पड़ रहे कड़वे घूंट

गांव कसेर पनौटा में पाइप लाइन डालने को सड़क पर किया गहरा गड्ढा। संवाद
बदायूं। राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के तहत भले ही ग्रामीण इलाकों की पेयजल व्यवस्था में सुधार आएगा। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिल सकेगा, लेकिन इसकी शुरुआत से पहले ही ग्रामीण इलाकों की सड़कें चौपट हो रही हैं। बहुत से गांवों की सड़कों का बुरा हाल हो गया है। लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह सड़कों पर जलभराव है और फिसलन भी हो गई है।
जिले में पिछले छह माह से गांवों में मिशन के तहत टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही गांव में पाइप लाइन बिछाने का भी काम चल रहा है। कई गांवों में 80 फीसदी से अधिक कार्य
हो चुका है, तो कई जगह 50 फीसदी तक हो पाया है। कई गांवों में पाइप लाइन डालने के लिए हाल ही में बनाए गए सीसी रोड तक तोड़ दिए गए हैं।
कहीं गड्ढे खोदकर पाटा नहीं गया है तो कहीं गड्ढों में मिट्टी कम डाली गई है। कहीं-कहीं सड़कों पर ईंट-पत्थरों के ढेर लगे हुए हैं। घरों से निकलने वाला पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। पानी निकास की ठीक से व्यवस्था तक नहीं की गई है। इससे कई गांव में यातायात व्यवस्था चौपट हो गई है। जलभराव से लेकर फिसलन आदि की समस्या बढ़ गई है।
खड़ंजा टूटा, जलभराव से बना दलदल
सिलहरी। सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव भगवतीपुर में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के तहत डाली जा रही पाइप लाइन से सभी सड़कें बेकार हो गई हैं। पंचायत घर के सामने सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। वहां खड़ंजा दलदल बन गया। लोगों को पैदल निकलने तक की जगह नहीं बची है। सीसी रोड के बुरे हालात हैं। पूरे रोड पर सड़क से निकले पत्थर फैले पड़े हैं। लोग जैसे-तैसे ही निकल पा रहे हैं।
सड़क खोदकर भरना भूल गए जिम्मेदार
कुंवरगांव। वजीरगंज ब्लॉक के गांव कसेर पनौटा में पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोद दी गई थी, लेकिन जिम्मेदार उसे दुरुस्त करना ही भूल गए हैं। गांव की सभी सड़कों पर पर देखने को मिल रहे हैं। कहीं गड्ढे हैं, तो कहीं ज्यादा मिट्टी डाल दी गई है। इससे सड़कों की हालत और बुरी हो गई है। अब तो लोगों को अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी है। अगर गड्ढों में कोई गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
खेड़ादास में जलभराव से मुसीबत
ओरछी। आसफपुर ब्लाॅक क्षेत्र के गांव खेड़ादास में पाइप लाइन बिछने के बाद सड़क पर जलभराव हो गया है। जिस जगह जलभराव हुआ है, उधर से नजदीकी गांव बझेड़ा नूतन, धनियावली, पाठकपुर, तरक परौली के लोग भी आते-जाते हैं। यहां पर आकर लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। इधर से प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चे, अध्यापक गुजरते हैं। कई जगह सड़क को खोद कर ऐसे ही छोड़ दिया है। इससे और ज्यादा परेशानी हो रही है।
राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के तहत जिन गांव में टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है। वहां की सड़कों की मरम्मत कराना भी उन्हीं की जिम्मेदारी है। सड़कें जैसी पहले थीं, वैसी ही बनाकर देंगे। बाद में सत्यापन भी कराया जाएगा। अगर काम ठीक से नहीं हुआ तो उनका भुगतान रोक दिया जाएगा। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। – मनोज कुमार, डीएम

गांव कसेर पनौटा में पाइप लाइन डालने को सड़क पर किया गहरा गड्ढा। संवाद

गांव कसेर पनौटा में पाइप लाइन डालने को सड़क पर किया गहरा गड्ढा। संवाद

गांव कसेर पनौटा में पाइप लाइन डालने को सड़क पर किया गहरा गड्ढा। संवाद



