Budaun News: गंगा में बिना पंजीयन के न चलाई जाएं नाव

कछला गंगा घाट का निरिक्षण करती कमिश्नर ,एडीजी व डीएम। संवाद
बदायूं। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और एडीजी पीसी मीणा सहित अन्य अधिकारियों ने शनिवार को कछला घाट का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि नौका संचालकों का पंजीयन कराया जाए। बिना पंजीयन के कोई भी नौका संचालित न हो। उन्होंने कावड़ यात्रा के संदर्भ में सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों के साथ नौका भ्रमण कर निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त ने दोनों तरफ के घाट के निरीक्षण के दौरान पार्किंग, प्रकाश, बैरिकेडिंग, गोताखोर एवं साफ सफाई आदि व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। क्षेत्र वासियों ने अवगत कराया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जाम की स्थिति रहती है और स्पीड ब्रेकर से दुर्घटनाएं भी होती हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जाम से निजात के लिए प्लान बनाने और स्पीड ब्रेकर को अस्थायी तौर पर हटाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कछला घाट में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाएं। पहले से अच्छी तैयारियां इस बार की जाएं, ताकि कावड़ यात्रा सुगम बन सके। जहां आवश्यकता है, उन सड़कों पर पैचिंग कार्य कराया जाए। गोताखोरों व फेंसिंग आदि की व्यवस्थाएं चाकचौबंद रहें।
डीएम मनोज कुमार ने कहा कि कावड़ यात्रा के दौरान कोई भी शिविर बिना अनुमति के संचालित नहीं होगा। सभी शिविर सड़क के एक ही तरफ हो इसकी व्यवस्थाएं कराई जाए। इस दौरान आईजी डाॅ. राकेश सिंह, एसएसपी ओपी सिंह, सीडीओ केशव कुमार, एडीएम प्रशासन वीके सिंह, अध्यक्ष नगर पंचायत कछला जगदीश सिंह आदि उपस्थित रहे।