Budaun News: मालगाड़ी की चपेट में आकर दिव्यांग के दोनों पैर कटे

मैगलगंज में रेल हादसे के बाद जुटी भीड़
– मैगलगंज-मढिया घाट मार्ग की रेलवे क्रॉसिंग से थोड़ी दूरी पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैगलगंज। रविवार दोपहर सीतापुर-शाहजहांपुर रेलवे लाइन पार कर रहा सीतापुर-महोली के महितनिया निवासी एक दिव्यांग मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में दिव्यांग के दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दिव्यांग की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीतापुर के महोली के महितनिया नैकाखेड़ा निवासी दिव्यांग अहिबरन मौजूदा समय में रोजा-शाहजहांपुर में रहता है। प्रत्येक माह वह अपने भाई बृजकिशोर से मिलने गांव आता है। इसी क्रम में वह भाई से मिलने गांव आया था। रविवार की दोपहर रोजा लौट रहा था। मैगलगंज-मढिया घाट मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास सीतापुर-शाहजहांपुर रेलवे लाइन पार करते समय अहिबरन मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में उसके दोनों पैर घुटनों के नीचे से कट गए। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना परिजनों को दी गई है।
बंद था क्रॉसिंग गेट, साइड से लाइन पार करते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है ट्रेन आने की वजह से मैगलगंज-मढिया घाट मार्ग की रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद था। दिव्यांग अहिबरन क्रॉसिंग से करीब 100 मीटर दूर रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी समय ट्रेन आ गई और वह हादसे का शिकार हो गया। अहिबरन पहले से ही पैर से दिव्यांग था। अब इस हादसे में उसके दोनों पैर कट गए।

मैगलगंज में रेल हादसे के बाद जुटी भीड़