बदायूं

Budaun News: फसल से खदेड़े जाने पर सांड़ ने किसान को पटक कर मार डाला

Connect News 24

उझानी (बदायूं)। मक्का की फसल में घुसा सांड़ खदेड़े जाने पर हमलावर हो गया। खेत मालिक राजाराम बचने के लिए पीछे की ओर भागे, लेकिन सांड़ ने उन्हें उठाकर पटक दिया। इसके बाद वह उठ नहीं पाए। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसौली निवासी राजाराम (58) सोमवार शाम मक्का की फसल की रखवाली खेत पर गए थे। बारिश होने पर वह पेड़ के पास बैठ गए। तभी फसल में एक सांड़ घुस आया। फसल उजाड़े जाने के डर से राजाराम ने सांड़ को डंडा मार दिया। इसके बाद सांड़ उनके पीछे दौड़ पड़ा। उससे बचने को राजाराम भागने लगे, लेकिन सांड़ उनके पीछे पड़ गया और उन्हें उठाकर पटक दिया। बचाव को चीख-पुकार मचाने के बाद वह बेहोश हो गए। तभी कोई व्यक्ति रास्ते से निकला तो उसने राजाराम को पड़ा देखा। खबर लगते ही ग्रामीण भी पहुंच गए।

परिजन उन्हें लेकर पहले निजी क्लीनिक पर पहुंचे। वहां से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज मे भर्ती करा दिया गया। मेडिकल कॉलेज में राजाराम का इलाज शुरू हो पाता, उससे पहले ही रात करीब नौ बजे राजाराम की मौत हो गई।

परिवार के पवन पाल ने बताया कि डॉक्टर ने उनके सीने और पेट में चोट बताई थी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई छोटेलाल की सूचना के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों के मुताबिक चार भाइयों में राजाराम तीसरे नंबर के थे। उनकी शादी नहीं हुई थी।

ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी खोजा सांड़

राजाराम की मौत के बाद सिरसौली के कई युवक जंगल की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने हमलावर सांड़ की खोजबीन में कई खेतों में मक्का की फसल को खंगाला। वह किसी भी खेत में नजर नहीं आया। मंगलवार सुबह भी उसे आसपास के जंगल में खोज गया। गांव के प्रेमपाल ने बताया कि सांड़ पहले भी ग्रामीणों पर हमलावर हो चुका है। गांव लऊआ- कठौली के पास नजर आने वाला यह सांड़ छुट्टा गोवंश के साथ पिछले दिनों इलाके में आ गया था। तभी से वह सिरसौली के आसपास की खेतों में रहता है।

गोशालाओं में रखे जाने का दावा, फिर भी सड़कों पर सांड़

पशुपालन विभाग के अनुसार, जिले में ढाई सौ गोशालाएं हैं, जिनमें करीब 21 हजार पशु रखे गए हैं। इनमें गाय और सांड़ दोनों ही हैं। विभाग लगातार दावे कर रहा है कि पशुओं को गोशालाओं में रखा जा रहा है, लेकिन फिर भी तमाम पशु सड़कों पर घूमकर लोगों की जान जाने का कारण बन रहे हैं।

कई लोगों की जान ले चुके हैं सांड़

– 22 फरवरी, 22 : उझानी के गांव सकरी जंगल निवासी मोहम्मद उमर पत्नी महसर को दवा दिलाने बाइक से जा रहे थे। रास्ते में सड़क पार कर रहा सांड़ बाइक के सामने आ गया। दोनों की मौत हो गई थी।

– 23 फरवरी 22 : बिल्सी थानाक्षेत्र के गांव सिरासौल में चिमन लाल शर्मा पर एक सांड़ ने हमला बोल दिया, जिससे उनकी थोड़ी देर बाद मौत हो गई।

24 मार्च 22 : उझानी में सड़क पर जा रहे एक चिकित्सक महेश चंद्र गुप्ता पर सांड़ ने हमला बोल दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई।

20 अप्रैल 22 : मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सराय पिपरिया निवासी 40 वर्षीय विष्णु सागर पर सांड़ ने हमला कर दिया था, जिसमें तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई।

11 जून 22 : बिल्सी क्षेत्र के गांव शहवाजपुर में मंदिर की सफाई कर रहे राकेश (23) पुत्र रघुवीर को सांड़ ने पटककर मार डाला।

13 जून 22: कुंवरगाव में घूम रहे एक आवारा सांड़ ने पेट्रोल पंप के कर्मचारी गांव गंज निवासी शिवकुमार उर्फ कौशल को पटककर मार डाला।

03 जुलाई 22 : मूसाझाग थाना क्षेत्र के कथरा खगेईगांव में रविवार शाम 40 वर्षीय रामऔतार की सांड़ के हमले में जान चली गई।

28 दिसंबर 22: बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव सिमर्रा निवासी श्रीराम की खेत पर रखवाली को जाते समय सांड़ के हमले में मौत हो गई थी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button