Budaun News: दबंगों ने दरवाजे के सामने खड़ी कर दी दीवार, घर छोड़ गया बेबस परिवार


घर में ताला डालकर जाता परिवार। संवाद
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र में पुलिस की लापरवाही के चलते एक परिवार ने अपना घर छोड़ दिया। दबंग पड़ोसियों ने जबरन उसके दरवाजे के सामने दीवार खड़ी कर दी। पीड़ित परिवार एक माह से दीवार हटवाने की गुहार लगा रहा था लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। शनिवार को परिवार घर छोड़कर चला गया।
थाना क्षेत्र के गांव पड़ौलिया निवासी हाकिम सिंह अपने बेटे के साथ पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। पत्नी गांव में रहती हैं। हाकिम सिंह का कहना है कि उन्होंने पिछले माह पुलिस को तहरीर दी थी। दबंग पड़ोसियों ने उनके घर के दरवाजे के सामने अपनी दीवार लगा ली थी, इससे उनका घर से निकलना बंद हो गया। पूरा परिवार दूसरे मकान की छत पर चढ़कर बाहर आता-जाता है। वह एक माह से पुलिस से दीवार हटवाने की मांग कर रहे हैं लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी।
थाना पुलिस आरोपियों से मिल गई है। इससे दरवाजे के सामने से दीवार नहीं हटवाई गई। इस संबंध में उन्होंने तहसील अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन चकबंदी चलने का बहाना बनाकर मामला टाल दिया गया। थक-हारकर परिवार वाले शनिवार को अपने घर में ताला डालकर कुछ जरूरी सामान लेकर चले गए। इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी से इन्कार किया है।
– जो परिवार घर से जाने की बात कह रहा है, उसके मकान के दो दरवाजे हैं। फिर भी पुलिस की टीम भेजकर मामले की जांच कराएंगे। अगर वास्तव में उनका रास्ता बंद है तो कार्रवाई की जाएगी। – शक्ति सिंह, सीओ उझानी

घर में ताला डालकर जाता परिवार। संवाद

