Budaun News: दिल्ली हाईवे पर कैप्सूल पलटा, चालक-हेल्पर बचे

बदायूं-दिल्ली हाईवे पर पलटा पड़ा कैप्सूल। संवाद
मुजरिया। बदायूं-दिल्ली हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह एक कैप्सूल डिवाइडर से टकराकर पलट गया। चालक और हेल्पर बाल-बाल बच गए। पुलिस के मुताबिक, सुबह के समय कैप्सूल अलीगढ़ से बदायूं की ओर आ रहा था। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव मंगूनगला के नजदीक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इससे यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से कैप्सूल को हटवाकर आवागमन शुरू कराया। संवाद
बोलेरो और पिकअप की भिड़ंत में दंपती घायल
म्याऊं। उसावां थाना क्षेत्र में गौंतरा रोड पर बुधवार को बोलेरो और पिकअप की भिड़ंत में बीच में आने से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कासगंज के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव पीतम नगला निवासी विवेकानंद पत्नी शीतल के साथ बुधवार रात अपने बीमार साले को देखकर गौंतरा पट्टी भौनी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गौंतरा रोड पर एक बोलेरो और पिकअप आपस में टकरा गईं। उनके बीच में फंसने से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। उनका मासूम बेटा बाल-बाल बच गया। थाना पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। संवाद