Budaun News: कादरचौक में लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों पर चार्जशीट दाखिल
– सभी बदमाश मैनपुरी के हैं रहने वाले
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/कादरचौक। थाना क्षेत्र में एक ही दिन में दो स्थानों पर लूटपाट करने वाले मैनपुरी के तीनों बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस ने लूट और माल बरामदगी की धाराओं में आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया है।
बीते दिनों कादरचौक थाना क्षेत्र में गांव निजामपुर के पास बैंक प्रबंधक और धनूपुरा गांव के पास दंपती से बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूटपाट की थी। बदमाश असलहा के बल पर नकदी, जेवरात और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे और इसके बाद उसहैत थाना क्षेत्र के अटैना घाट पर दंपती के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। एक ही दिन में तीन स्थानों पर दिनदहाड़े हुई लूट की घटनाओं के बाद कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए थे।
इसके बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की तो पता चला कि वह सभी मैनपुरी के रहने वाले हैं। पुलिस जब तक उनको पकड़ पाती कि मैनपुरी में हुईं लूटपाट की घटनाओं में मैनपुरी पुलिस ने उनको मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय पुलिस मैनपुरी में पकड़े गए बदमाशों को रिमांड पर लेकर यहां आई थी। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम रवि गिहार निवासी गिहार कॉलोनी मैनपुरी, दलवीर निवासी नगला मूड़े मैनपुरी, बलराम निवासी हरिश्चंद्रपुर मैनपुरी बताए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूट का सामान भी बरामद किया था। इस संबंध में एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ लूट और माल बरामदगी की धाराओं में चार्जशीट दाखिल की गई है।


