बदायूं

Budaun News: पानी की टंकी परिसर स्थित गड्ढे में भरे पानी में डूबकर बालक की मौत

Connect News 24

Child dies by drowning in water filled pit located in water tank complex

मृतक बालक अनुज का फाइल फोटो।

मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव भगौतीपुर में हुई घटना

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव भगौतीपुर में सोमवार सुबह ढाई वर्षीय बालक अनुज की पानी की टंकी परिसर स्थित गड्ढे में भरे पानी में डूबकर मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद लोगों ने उसका शव पानी में उतराता हुआ देखा तो परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। परिवार वालों ने गड्ढा करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांगी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।

ग्राम भगौतीपुर में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के तहत टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। उसके चारों ओर बाउंड्री का निर्माण तो करा दिया गया है लेकिन अब तक गेट नहीं लगवाया गया है। बताते हैं कि इसी टंकी परिसर में एक बड़ा गड्ढा भी है और उसमें पानी भरा हुआ है। ठेकेदार ने बोरिंग करवाने के दौरान यह गड्ढा खोदवाया था। तब से यह गड्ढा ऐसे ही है।

टंकी परिसर का गेट न होने से अक्सर बच्चे यहां खेलने चले आते हैं। सोमवार सुबह करीब नौ बजे डालचंद का ढाई वर्षीय बेटा अनुज मोहल्ले के बच्चों के साथ वहां खेलने चला गया। बताते हैं कि खेलने के दौरान अचानक बालक गड्ढे में फिसलकर गिर गया। अन्य बच्चे खेल में लगे रहे। इससे उन्हें अनुज के गड्ढे में गिरने का पता ही नहीं चला।

करीब एक घंटे बाद लोगों ने बालक का शव पानी में उतराता हुआ देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर परिवार वाले रोते-बिलखते हुए पहुंच गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में मूसाझाग एसओ शिवेंद्र भदौरिया भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। तब तक ग्रामीणों ने बालक के शव को गड्ढे से बाहर निकाल लिया।

पुलिस ने सोमवार दोपहर बालक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। पिता डालचंद का कहना है कि टंकी का निर्माण कराने वाले ठेकेदार की इसमें बड़ी लापरवाही है। अगर वह गड्ढा नहीं छोड़ता तो शायद उसके बच्चे की मौत नहीं होती। डालचंद ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है।

एसओ बोले- खोदाई कर सड़क पर डाली गई थी मिट्टी, जिससे हो गया गड्ढा

ग्राम भगौतीपुर में जिस गड्ढे में भरे पानी में डूबकर ढाई वर्षीय बालक की मौत हुई है। उसको लेकर एसओ शिवेंद्र भदौरिया का कुछ और ही कहना है। उनका कहना है कि सैंजनी गांव से एक रोड भगौतीपुर होते हुए हजरतपुर को जाता है। जिस समय इस रोड पर मिट्टी डाली गई थी, तभी सड़क किनारे खंदी हो गई थी। उसमें बारिश का पानी भर गया। बालक की उसी गड्ढे में डूबकर मौत हुई है।

मृतक बालक अनुज का फाइल फोटो।

मृतक बालक अनुज का फाइल फोटो।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button