Budaun News: चालू महीने के आखिर में शुरू हो सकता है रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण
बदायूं। शहर में रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण नवंबर के अंत में शुरू हो सकता है। हालांकि अभी अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन कुछ कर्मचारियों का कहना है कि माह के अंत में इसकी शुरुआत हो सकती है। बस स्टैंड के निर्माण के दौरान बसों का संचालन दातांगज मार्ग स्थित रोडवेज वर्कशॉप से किया जाएगा।
रोडवेज बस स्टैंड कई सालों से खस्ताहाल है। इसकी दोनों बिल्डिंगें गिरताऊ हालत में हैं। एक बिल्डिंग तो पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। पीछे पुराने वर्कशॉप वाला एरिया खंडहर पड़ा है। उसका टिनशेड भी टूट गया है। हालत यह है कि लोग उधर जाने से भी डरते हैं। आठ माह पहले आरएम और सेवा प्रबंधक ने रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण किया था। तब उन्होंने बताया था कि रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए धनराशि भी स्वीकृति हो चुकी है।
तीन माह पहले एक टीम रोडवेज बस स्टैंड पहुंची थी। टीम यहां से मिट्टी का सैंपल ले गई थी। तब से लगातार बस स्टैंड के निर्माण की चर्चाएं हो रहीं हैं। पहले बताया गया था कि अक्तूबर में निर्माण शुरू हो सकता है लेकिन अब बताया जा रहा है कि नवंबर के अंत में शुरुआत हो सकती है। निगम की ओर से इसकी तैयारियां चल रहीं हैं। एआरएम धणेंद्र कुमार चौबे ने बताया कि सूचना मिली है कि नवंबर के अंत में बस स्टैंड का निर्माण शुरू हो सकता है, लेकिन अभी अधिकारिक सूचना नहीं मिली है।