Budaun News: सभासदों का इस्लामनगर पंचायत की अध्यक्ष पर गबन का आरोप

एडीएम को ज्ञापन देते इस्लामनगर नगर पंचायत के सभासद। संवाद
सभासदों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। इस्लामनगर नगर पंचायत की अध्यक्ष पर पूर्व और मौजूदा कार्यकाल में करोड़ों रुपये के गबन का आरोप लगा है। इसको लेकर सभासद डीएम से मिलने पहुंचे। डीएम के न मिलने पर उन्होंने एडीएम को शिकायती पत्र दिया। जिसमें सभासदों ने उनके पूर्व और मौजूदा कार्यकाल में कराए गए कामों की जांच कराने की मांग की।
आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत नाजिम, उनके पति मुशाहिद अली व कुछ सभासदों द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप काम नहीं किया जा रहा। उनके स्तर से शासन की योजनाओं को विफल करने का प्रयास किया जाता है। यहां तक कि मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में भी वह अनुपस्थित रहीं।
आरोप है कि इसके अलावा उनके स्तर से राजकीय धनराशि का गबन किया गया है। इस्लामनगर में हर माह तीन लाख रुपये डीजल पर व्यय होते है। जबकि अन्य सभी नगर पंचायतों में यह धनराशि आधे से भी कम है। पिछले पांच सालों में ही डीजल खर्च के नाम पर उनके द्वारा करीब 1.25 करोड़ रुपये का गबन किया गया है।
आरोप है कि डीजल की खरीद चेयरमैन के पति के सगे भाई के पेट्रोल पंप से की जाती है। जिस कारण भ्रष्टाचार का खेल लोगों के सामने नहीं आ पाता। साथ ही नालों की सफाई पर 30 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। जिसका टेंडर किसी फर्जी कंपनी को दिया गया। नगर पंचायत में हर साल कागजों में 1000 से 1200 स्ट्रीट लाइट खरीदी जाती हैं। ऐसे में पिछले पांच सालों में लाइट खरीद के नाम पर ही करोड़ों रुपये का गबन किया गया है। एडीएम को ज्ञापन देने वालों में राजू कुमार, मुकेश कुमार, विनोद शास्त्री, निखिल कुमार, देवेंद्र आदि शामिल रहे।
सभी आरोप निराधार हैं, ईओ सभासदों को भड़का रहे हैं, इसी के चलते ये आरोप लगाए गए हैं।
-निशांत नाजिम, नगर पंचायत अध्यक्ष


