Budaun News: पांच दिन से लापता वृद्ध का शव तालाब में मिला

मृतक खेमपाल फाइल फोटो। संवाद
वजीरगंज (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव वनकोटा में बृहस्पतिवार सुबह 60 वर्षीय खेमपाल का शव तालाब में पड़ा मिला। वह पांच दिन से लापता थे। परिजन उन्हें खुद ही तलाश रहे थे। पुलिस को उनके लापता होने की सूचना नहीं दी गई थी। जब सुबह लोगों ने तालाब में शव उतराते देखा तो पुलिस को सूचना दी।
ग्राम वनकोटा निवासी रामकिशन के मुताबिक, उनके पिता खेमपाल शनिवार को वजीरगंज बाजार गए थे। वहां से कुछ सामान भी खरीदकर लाए थे। शाम करीब पांच बजे सामान घर में रखकर वह बिना किसी को कुछ बताए कहीं चले गए। वह शराब के लती थे। अक्सर घर से बिना बताए चले जाते थे और कई-कई दिन लौटकर नहीं आते थे। जब वह शनिवार को देर रात तक घर नहीं आए तो परिवार वालों ने उन्हें तलाश करना शुरू किया। सभी रिश्तेदारियों में कॉल की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
इसके बाद परिवार वालोंं ने यह सोचकर उन्हें तलाशना बंद कर दिया कि वह दो-चार दिन में खुद ही लौट आएंगे। थाना पुलिस को भी सूचना नहीं दी। बृहस्पतिवार सुबह गांव वालों ने तालाब में शव उतराते देखा तो पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव तालाब से बाहर निकलवाया। तब पता चला कि शव खेमपाल का है।
खेमपाल हलवाई थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। परिवार वालों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस के साथ ही परिवार वाले भी नशे में तालाब में गिरने से डूबकर मौत होने की आशंका जता रहे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।