Budaun News: रोडवेज बस स्टैंड के पास समाचार पत्र विक्रेता पर जानलेवा हमला

आरोपी अमित कुमार।
बदायूं। रोडवेज बस स्टैंड के पास बुधवार सुबह दो युवकों ने एक समाचार पत्र विक्रेता पर जानलेवा हमला कर दिया। उसकी पिटाई की और फिर जान से मारने की नीयत से चाकू निकाल लिया। आसपास के दुकानदारों ने एक हमलावर को चाकू समेत पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भाग गया। पुलिस ने हमलावर को जेल भेज दिया है।
शहर के मोहल्ला गांधी नगर निवासी प्रेमशंकर समाचार पत्र विक्रेता हैं। वह बुधवार सुबह करीब सात बजे रोडवेज बस स्टैंड के पास एक दुकान पर बैठे थे, तभी दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने प्रेमशंकर को दुकान के बाहर बुलाया और उनकी पिटाई करने लगे। इसी बीच एक हमलावर ने प्रेमशंकर को जान से मारने की नीयत से चाकू निकाल लिया। यह देख आसपास के दुकानदार उसे पकड़ने दौड़े। दुकानदारों ने एक हमलावर को चाकू समेत पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भाग गया।
उस समय रोडवेज पुलिस चौकी पर कोई पुलिस कर्मी मौजूद नहीं था। लोगों ने युवक को पुलिस चौकी में बंद कर दिया और यूपी-112 पर सूचना दी। कुछ देर बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में चौकी इंचार्ज जगमेंद्र सिंह भी आ गए। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पकड़े गए युवक ने पूछताछ में खुद को मीरा सराय निवासी अमित कुमार बताया। उसके पास से चाकू बरामद हुआ है। एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।