Budaun News: बैंक की शाखा प्रबंधक के विरोध में प्रदर्शन

सैदपुर में एसबीआई गेट के बाहर प्रदर्शन करते हुए स्ट्रीट वेंडर आवेदनकर्ता। संवाद
मनमानी और अभद्र व्यवहार करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सैदपुर। एसबीआई शाखा प्रबंधक पर मनमानी और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री रोजगार योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडर्स के लिए ऋण लेने के इच्छुक आवेदनकर्ताओं ने बुधवार को एसबीआई गेट के बाहर प्रदर्शन किया। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर दूसरे शाखा प्रबंधक को ऋण स्वीकृति के लिए शाखा में भेजा गया।
काफी समय से प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर रोजगार योजना की 48 फाइलें एसबीआई की शाखा में लंबित हैं। इन्हें स्वीकृत कराने के लिए नगर पंचायत ईओ और कर्मचारियों ने कई बार लिखित शिकायत कर फाइलों का निस्तारण करने का अनुरोध किया लेकिन इसके बावजूद शाखा प्रबंधक ने योजना बंद होने की बात कहकर स्वीकृति देने से मना कर दिया।
बुधवार को वाराणसी में सात जुलाई को होने वाली प्रधानमंत्री के स्ट्रीट वेंडर कार्यक्रम के मद्देनजर जेई डूडा पुरुषोत्तम प्रजापति योजना की फाइलों की प्रगति रिपोर्ट लेने गए। आरोप है कि जब उन्होंने शाखा प्रबंधक से लिखित जानकारी मांगी तो उन्होंने फिर अभद्र व्यवहार किया।
इसके बाद आवेदन कर्ताओं ने नगर पंचायत अध्यक्ष इशरत अली खान को और जेई ने अपने विभागीय अधिकारी को अवगत कराया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने शाखा प्रबंधक के रवैये की शिकायत की तो वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे मैनेजर अमित कटियार को विशेष तौर से योजना की फाइलों को स्वीकृति के लिए दोपहर में एसबीआई शाखा में भेजा।
इस दौरान अब्दुल रहमान, मोहम्मद यूनुस, जयशंकर, बाबू, मोहम्मद आलम, हसीन, मोहम्मद खालिद, नाजिम, यामीन मंसूरी, मोहम्मद हुसैन, अमन खान, मोहम्मद फैजान आदि मौजूद रहे। इस संबंध में शाखा प्रबंधक से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।


