Budaun News: डेंगू ने गर्भवती महिला समेत दो और लोगों की ली जान

श्वेता राठौर। फाइल फोटो
बदायूं। जिले में डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार का कहर जारी है। बिल्सी क्षेत्र के गांव रिसौली में डेंगू की चपेट में आकर किसान की बुधवार रात मौत हो गई, जबकि नगर पंचायत गुलड़िया में गर्भवती महिला ने दम तोड़ दिया। दोनोंं ही जगह डेंगू का प्रकोप बताया जा रहा है। जिले में डेंगू से अब तक करीब 150 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में सिर्फ छह मौतें ही दर्ज हो सकी हैं।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रिसौली के मोहल्ला मोहन पट्टी निवासी कालीचरन (42) पुत्र नैनसुख खेती करते थे। बुखार आने पर परिजनों ने उनकी जांच कराई तो उनको डेंगू की पुष्टि हुई। परिजन उनको बरेली ले गए और निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। बुधवार को उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। लोगों का कहना है कि गांव में डेंगू के दर्जनों मरीज अपना इलाज करा रहे हैं। इधर, नगर पंचायत गुलड़िया निवासी रोहित कुमार राठौर की गर्भवती पत्नी श्वेता राठौर को तीन दिन पहले बुखार आया था। बुधवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उनको बरेली ले गए, जहां जांच में उनको डेंगू की पुष्टि हुई। बुधवार देर रात इलाज दौरान के श्वेता की मौत हो गई।
नौ मलेरिया तो छह डेंगू संक्रमित मिले
बदायूं। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की 12 टीमों ने कैंप लगाकर मरीजों की जांच की। 1475 जांचों में बुखार के 847 मरीज मिले। आठ मरीजों में मलेरिया पीवी और एक में मलेरिया पीएफ पाया गया तो वहीं छह मरीज डेंगू संक्रमित मिले। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब जिले में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 193 हो गई है।
पांच दिन में चार मौत, मोहम्मद नगर सुलरा पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
बदायूं। जगत विकास खंड के गांव मोहम्मद नगर सुलरा में पिछले पांच दिनों में चार लोगों की बुखार से मौत हो जाने की भनक स्वास्थ्य विभाग को लगी तो बृहस्पतिवार को टीम गांव पहुंची। टीम ने गांव में बुखार पीड़ितों की जांच कर दवा वितरित की। गांव में हर घर में बुखार का मरीज मिला है।टीम ने गांव में मरने वालों के परिजनों से भी मौत की जानकारी ली है। अधिकतर मौत बुखार से होना पाया है। कैंप में 70 मरीज देखे गए जिसमें 50 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 48 मरीज वायरल बुखार से पीड़ित पाए गए वहीं दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
खितौरा में भी बुखार से मचा हाहाकार
उघैती। उघैती क्षेत्र के कस्बा खितौरा में बुखार ने पैर पसार लिए हैं। कस्बे में तमाम लोग बुखार से पीड़ित हैं। इनमें से ज्यादातर झोलाछाप से उपचार करा रहे हैं। लोगों का कहना है कि खितौरा में सफाई व्यवस्था बदहाल पड़ी हुई है। कस्बे में जगह-जगह जलभराव की स्थिति है। नालियां भी चोक पड़ी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नियमित सफाई नहीं होती। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का निदान नहीं हुआ।

श्वेता राठौर। फाइल फोटो

श्वेता राठौर। फाइल फोटो