Budaun News: विभागों ने हादसे की वजह तो बताई, पर कार्रवाई का जिक्र नहीं
बदायूं। उसावां में स्कूल वैन व बस की भिड़ंत में चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत के मामले में कई विभागों से मांगी गई रिपोर्ट में हादसे की वजह तो बताई, लेकिन कार्रवाई के संबंध में किसी ने जिक्र नहीं किया। लिहाजा डीएम की ओर से गठित जांच कमेटी के अध्यक्ष सिटी मजिस्ट्रेट ने अब सभी विभागों से पुन: विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। बृहस्पतिवार देर शाम तक चली बैठक में इस पर चर्चा हुई।
सिटी मजिस्ट्रेट रामजीलाल ने बीएसए, बीईओ, एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी, एसडीएम दातागंज और डीआईओएस से भी हादसे के संबंध में रिपोर्ट मांगी थी। सभी विभागों की ओर से आई रिपोर्ट में यह तो लिख दिया गया कि हादसा किस वजह से हुआ, लेकिन उसमें क्या कार्रवाई की गई, यह नहीं लिखा गया था। इस पर उन्होंने दोबारा विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है। इस संबंध में उन्होंने बृहस्पतिवार शाम कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की, जो रात तक चलती रही। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि इस मामले में जल्द ही रिपोर्ट सौंप दी जाएगी, फिर उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
नालियों की मरम्मत न कराने पर डिप्टी मैनेजर निलंबित
उसावां हादसे के बाद पीएनसी कंपनी ने डिप्टी कंस्ट्रक्शन मैनेजर नरवज सिंह को निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि हजरतपुर-म्याऊं रोड पर जिस स्थान पर हादसा हुआ था, वहां पाइप लाइन बिछाने की वजह से करीब एक मीटर सड़क कम हो गई थी। हालांकि उसके आसपास करीब साढ़े छह मीटर चौड़ी सड़क पाई गई।
हादसे में गई थी चार बच्चों समेत पांच लोगों की जान
30 अक्तूबर को उसावां थाना क्षेत्र में एसआरपीएस स्कूल गौंतरा की वैन और सत्यदेव विद्यापीठ इंटर कॉलेज की बस आमने-सामने से टकरा गई थी। इस हादसे में वैन सवार चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। उस वैन में करीब 30 बच्चे सवार थे, जिनमें से 23 बच्चे घायल हो गए थे। वैन बिना फिटनेस के चलाई जा रही थी। घटनास्थल पर सड़क काफी टूटी हुई थी।
वर्जन
उसावां हादसे की लगातार जांच चल रही है। बृहस्पतिवार शाम कमेटी की बैठक भी बुलाई गई। पहले विभागों से जो रिपोर्ट मांगी गई थी। उसमें विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की गई, इसका जिक्र नहीं है। इससे उनसे दोबारा विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी गई है। -रामजीलाल, सिटी मजिस्ट्रेट