Budaun News: नौ दिन बाद भी नहीं लगा छात्र का सुराग, ग्रामीणों ने कोतवाली घेरी, लगाया जाम

जाम के दौरान रोडवेज बस के नीचे लेटी महिलाएं। संवाद
पुलिस ने की जाम खुलवाने की कोशिश तो बसों के आगे लेट गईं महिलाएं
– काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया
– गांव नगला डल्लू निवासी नेत्रपाल का बेटा है केशव शाक्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिल्सी। लापता बालक का सुराग न लगने से आक्रोशित परिजनों और गांव वालों ने कोतवाली के सामने जाम लगा दिया। जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने जब जाम खुलवाने की कोशिश की तो आक्रोशित महिलाएं बसों के आगे लेट गईं। बाद में पुलिस ने जैसे तैसे ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब एक घंटा यातायात बाधित रहा।
गांव नगला डल्लू निवासी नेत्रपाल शाक्य का 14 वर्षीय पुत्र केशव शाक्य गांव के ही एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ता है। वह 18 मई को घर से खेलने के लिए निकला था। देर शाम जब वह नहीं लौटा तो परिवार के लोग काफी चिंतित हो गए। उन्होंने केशव को गांव और आसपास जंगल में काफी तलाशा, मगर उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। अगले दिन नेत्रपाल शाक्य ने इसकी कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। नौ दिन बीतने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल पाया है।
शुक्रवार की दोपहर आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली के गेट पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक एके सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की तो महिलाएं बसों के आगे लेट गईं। करीब एक घंटे के हंगामे के बाद पुलिस जैसे-तैसे लोगों को समझाने में सफल हो सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
बिल्सी सीओ चंद्रपाल सिंह का कहना है छात्र के गुम होने की घटना में जिन लोगों पर शक था, उनको उठाकर पूछताछ की गई है, मगर अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

जाम के दौरान रोडवेज बस के नीचे लेटी महिलाएं। संवाद