Budaun News: जमीन के अधिग्रहण का विरोध करेंगे किसान

घटपुरी में धरना देते भाकियू के कार्यकर्ता। संवाद
बदायूं। औरंगाबाद में हुई भाकियू की महापंचायत में एलान किया गया कि कॉरिडोर के नाम पर किसानों की जमीन का अधिग्रहण नहीं होने दिया जाएगा।
सदर तहसील के गांव घटपुरी, औरंगाबादमाफी, कुतुबपुरथरा गांवों की हजारों बीघा जमीन कॉरिडोर के लिए अधिग्रहीत किए जाने की तैयारी है। इस पर भाकियू की औरंगाबाद में महापंचायत हुई। इसमें कहा गया कि ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।
इस संबंध में तहसीलदार को तीन सूत्री ज्ञापन भी दिया गया। मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि देशभर में किसानों को खत्म करने के लिए कॉरिडोर जैसी योजनाएं चलाई जा रहीं हैं। पहले गंगा एक्सप्रेसवे में लाखों बीघा जमीन अधिग्रहीत की गई। अब कॉरिडोर नाम पर हजारों बीघा जमीन उद्योगपति, पूंजीपतियों के हवाले की जा रही है। किसान किसी कीमत पर इस निर्णय को स्वीकार नहीं करेगा।
जिलाध्यक्ष रमाशंकर शंखधार ने कहा कि किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। वह मजदूर बनकर रह जाएगा। इस मौके पर प्रमुख महासचिव नरेंद्र कुमार सक्सेना, सहसवान तहसील प्रभारी हरचरण लाल वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय पाल सिंह, सदर तहसील अध्यक्ष अर्जुन सिंह, फैयाज खान, सुनील शर्मा, कृष्ण पाल सिंह आदि ने विचार रखे।


