Budaun News: देवर-जेठ समेत तीन के खिलाफ पति की हत्या की एफआईआर
बिल्सी (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव रिसौली निवासी महिला ने अपने जेठ और देवर समेत तीन पर पति की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला डेढ़ साल पहले का है। उसके पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। महिला का आरोप है कि संपत्ति के लालच में उसके पति की जहरीला पदार्थ देकर हत्या कर दी गई।
ग्राम रिसौली निवासी लक्ष्मी ने कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कराई है। उसका कहना है कि 19 फरवरी, 2022 को वह अपने मायके से ससुराई आई। तब तक उसके पति धर्मेंद्र शर्मा (35) का शव सील कर दिया गया था। मौके पर पुलिस भी मौजूद थी। अचानक पति की मौत से उसे गहरा सदमा लगा। इसका फायदा उठाकर जेठ परवेंदर, देवर अवधेश ने सादा कागज पर उसके हस्ताक्षर करा लिए।
बाद में पुलिस से मिलकर बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार कर दिया। तब से वह अपने चार बच्चों के साथ ससुराल में रह रही है। आरोप है कि 18 मई 2022 की शाम करीब सात बजे देवर और जेठ ट्रैक्टर चालक मोहम्मद हुसैन उर्फ भूरे के साथ उसके घर में शराब पीकर घुस आए। उन्होंने गालीगलौज की और घर से निकलने की धमकी दी।
उसके साथ लात घूसों से मारपीट की। शोर शराबा सुनकर रामचंद्र और प्रेमपाल आ गए। इसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। महिला ने इस संबंध में न्यायालय में परिवाद दायर कराया था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर वीके सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। इसमें विवेचना के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।