Budaun News: बुखार से दो छात्राओं समेत पांच की मौत

उसावां ब्लाक के ग्राम खेड़ाजलालपुर में स्वास्थ्य कैंप में दवा लेते मरीज। संवाद
कादरचौक क्षेत्र में कक्षा छह की छात्रा की मौत, कुंवरगांव में महिला ने दम तोड़ा
मलेरिया के 16 और डेंगू के 11 मरीज और मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में डेंगू का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिदिन जहां डेंगू संक्रमित मरीज मिल रहे हैं तो वहीं बुखार से लगातार मौतों का सिलसिला जारी है। ऐसे में जिले के अलग-अलग स्थानों पर दो छात्राओं समेत पांच लोगों की और मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 12 गांवों में कैंप लगाकर 1237 मरीजों का चेकअप किया, जिसमें बुखार के 587, मलेरिया के 16 और डेंगू के 11 संक्रमित मिले।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव गौरामई निवासी निगहत (11) पुत्री सौराब खान को चार दिन पहले बुखार आया था। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाॅक्टर ने डेंगू की पुष्टि की। परिजनों ने छात्रा को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी इलाज के दौरान बृहस्पतिवार रात मौत गई। निगहत कक्षा छह की छात्रा थी।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव लाही फरीदपुर निवासी सुंदर लाल की पत्नी शीला देवी (45) को चार दिन पहले बुखार आया। निजी अस्पताल में इलाज कराया। जहां डेंगू की पुष्टि होने पर परिजन बरेली के निजी अस्पताल ले गए, जहां बृहस्पतिवार की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई ।
बिल्सी नगर के मोहल्ला संख्या चार निवासी अनीस अहमद सिद्दीकी की 10 वर्षीय पुत्री शिदरा सिद्दीकी नगर के महेश बाल इंटर कॉलेज में कक्षा चार में पढ़ती थी। बीते दिन उसे बुखार आया। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए जिला मुख्यालय पर एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां उसने इलाज के लिए दौरान दम तोड़ दिया।
इसके अलावा गांव नैथुआ निवासी कौशल किशोर माहेश्वरी (52) पुत्र मुन्नालाल और विशुना देवी (55) पत्नी बाबूराम मौर्य को कई दिनों से बुखार आ रहा था। बृहस्पतिवार रात दोनों ने दम तोड़ दिया। इस गांव में बुखार के चलते कई लोगों की मौत हो चुकी है।
इधर, शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के गांव आसफपुर के गांव दबतोरा में कैंप लगाया। जहां 103 में 70 बुखार के मरीज मिले। बिल्सी के गांव दिधौनी में लगे कैंप में 95 मरीज पहुंचे। यहां 51 बुखार के मरीज मिले। यहां मलेरिया पीवी व डेंगू का एक एक मरीज मिला।
जगत के गभियाई में 43 जांच में एक डेंगू का मरीज मिला। जगत के ही मोहम्मदनगर सुलरा में 120 जांचों में 40 बुखार के मरीज मिले। सुखैरा में 102 जांचों में 59 बुखार व एक डेंगू संक्रमित पाया गया। सेहरा पुख्ता में 61 जांचों में 56 बुखार के, एक पीवी मलेरिया तथा दो डेंगू संक्रमित पाए गए।
वजीरंगज के पेंपल में 110 जांचों में 55 बुखार के व दो डेंगू संक्रमित मिले। वहीं उसावां के खेड़ा जलालपुर में 59 बुखार तथा चार डेंगू संक्रमित मिले।
–
उसावां : बुखार के 382 मरीजों की जांच, दो डेंगू संक्रमित
उसावां । सीएचसी उसावां प्रभारी डॉ. राहुल सिद्धार्थ के नेतृत्व में ब्लाॅक क्षेत्र के ग्राम खेड़ाजलालपुर व गढ़िया हरदोपट्टी में कैंप लगाकर 382 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। जांच में दो लोग डेंगू संक्रमित मिले। मरीजों को दवा भी दी गई। टीम में डॉ मसूद , डॉ. कमर इक़बाल , मलेरिया इंस्पेक्टर तनवीर सिंह, एलटी श्रीनिवास गौतम, स्वास्थ्य कर्मी गौरव, नवनीत शुक्ला, परवेज अली, रफत नूरेन मौजूद रहे। संवाद