Budaun News: गंगा का जलस्तर घटा… प्रशासन चैन में, ग्रामीणों की नींद उड़ी

कादरचौक क्षेत्र के गांव खुडवारा में कम हुआ बाढ़ का पानी।
– अभी भी खतरे के निशान से 0.65 मीटर ऊपर बह रही है गंगा नदी
– सहसवान के 12, सदर के आठ, दातागंज के सात गांव अभी भी प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में गंगा नदी नौवें दिन मंगलवार को भी खतरे के निशान से 0.65 मीटर ऊपर बह रही है। गंगा का पानी लगातार कम हो रहा है, जिसकी वजह से प्रशासन ने तो राहत की सांस ली है, लेकिन ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है। ग्रामीणों को अब कटान की चिंता सता रही है। सहसवान के 12, सदर के आठ और दातागंज के सात गांव अभी भी बाढ़ से प्रभावित चल रहे हैं।
पिछले दिनों गंगा नदी में जिस तेजी के साथ में जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हुई थी, उससे अधिकारियों को लग रहा था कि वह 2013 में आई बाढ़ (163.240 मीटर) का रिकॉर्ड तोड़ देगी। हालांकि 162.910 मीटर पर पहुंचकर जलस्तर कम होने लगा। अभी 162.65 मीटर पर पानी बह रहा है। गंगा के लगातार घट रहे जलस्तर से ग्रामीण परेशान हैं। क्याेंकि अभी भी 29 गांव बाढ़ से प्रभावित चल रहे हैं। इनमें सहसवान के परशुराम नगला, वीर सहाय नगला, खागी नगला के हालात ठीक नहीं है। वहां पर कटान जोरों से हो रहा है।
तटबंध छोड़ आठ परिवार ने किया गांव की ओर रुख
सहसवान। बाढ़ आने के बाद में सहसवान के खागी नगला, वीर सहाय नगला, परशुराम नगला में पानी ज्यादा भर जाने के कारण ग्रामीणों का गांव खाली करना पड़ा था और तटबंध पर अपना अस्थायी अशियाना बना लिया था, लेकिन अब धीरे-धीरे लोग फिर से गांव की ओर अपना रुख कर चुके हैं। वीर सहाय नगला के आठ परिवार लौट गए। संवाद
मंगलवार को बैराजों से छोड़ा पानी
-नरौरा से 91851 क्यूसेक
-बिजनौर से 139656 क्यूसेक
-हरिद्वार से 108909 क्यूसेक
गंगा का खतरे का निशान-162 मीटरगेज
-गंगा बह रही -162.65 मीटर गेज
-जिले में तैनात है बाढ़ चौकी-33
-कार्यरत नावों की संख्या-42
पशुपालन विभाग ने किया टीकाकरण
बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में पशुओं में किसी भी प्रकार की बीमारी न फैले, इसको ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर पशुपालन विभाग की ओर से 84 टीमें लगाई गई हैं। इन टीमों ने बीमार 567 पशुओें का उपचार किया। साथ ही 4085 पशुओं के टीकाकरण किया गया।

कादरचौक क्षेत्र के गांव खुडवारा में कम हुआ बाढ़ का पानी।