बदायूं

Budaun News: अंकपत्र में गड़बड़ी हो तो शिविर में कराएं सुधार

Connect News 24

बदायूं। अंकपत्र में गड़बड़ी सुधरवाने के लिए अब छात्र-छात्राओं को कॉलेज से लेकर बोर्ड कार्यालय तक के चक्कर नहीं लगाने होंगे। जिले में दो दिवसीय कैंप लगाया जा रहा है, जहां विद्यार्थी अंकपत्र में त्रुटियां दूर करा सकेंगे।

माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाल ही में 2022-23 की बोर्ड परीक्षा के हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के अंकपत्र जारी कर दिए हैं। स्कूलों में अंकपत्र मिलने की प्रक्रिया पिछले सप्ताह से शुरू हो चुकी है। स्कूलों में जैसे-जैसे अंकपत्र वितरित किए जा रहे हैं, वैसे- वैसे छात्र-छात्राओं की शिकायतें भी आने लगी हैं। इन त्रुटियों के निस्तारण के लिए छात्र-छात्राओं को अब तक स्थानीय कार्यालय से लेकर बोर्ड कार्यालय तक के चक्कर लगाने होते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

बोर्ड कार्यालय के निर्देश पर 16 और 17 जून को राजकीय इंटर कॉलेज में कैंप लगाया जाएगा। इसमें बोर्ड कार्यालय से तीन सदस्यीय टीम भेजी जाएगी। टीम में सहायक सचिव सुरेंद्र नाथ मिश्र, प्रधान सहायक लव कुमार भारतीय, कनिष्ठ सहायक राजकुमार पटेल शामिल हैंं। इन कैंप में स्कूल के प्रधानाचार्य व अन्य शिक्षक भी मौजूद रहेंगे।

इन जिलों में इस दिन लगेगा कैंप

बरेली, मुरादाबाद संभल में 12 और 13 जून, अमरोहा, बिजनौर, बदायूं में 16 और 17, रामपुर व शाहजहांपुर में 19 और 20 और पीलीभीत में 22 और 23 जून को कैंप लगाया जाएगा।

यूपी बोर्ड के अंकपत्र में जो भी कमियां हैं, उनको बोर्ड द्वारा भेजी गई टीम के सदस्यों द्वारा सही किया जाएगा। उनके सहयोग के लिए सभी प्रबंधक और प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया है कि वह अपने-अपने यहां के छात्र-छात्राओं को कैंप के बारे में जानकारी दे दें। साथ ही जिनके अंकपत्र में कमी है, वह छात्र-छात्राएं कैंप में आकर सुधार करवा सकते हैं।

-डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button