Budaun News: निजी जमीनों पर विकसित किए जाएंगे औद्योगिक क्षेत्र
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Thu, 12 Oct 2023 12:20 AM IST
बदायूं। शासन ने पहली बार निजी जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का फैसला किया है। 10 से 50 एकड़ निजी भूमि उपलब्ध कराने पर निवेशकों को वहां उद्योगों की स्थापना के लिए सभी सरकारी सहूलियतें दी जाएंगी। इसके लिए सरकार ने विशेष नीति बनाई है।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार उपाध्याय ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इसमें प्रोत्साहन देने के साथ ही जिम्मेदारी भी तय की गई है। प्लेज (प्रमोटिंग लीडरशिप एंड इंटरप्राइज फाॅर डेवलवमेंट आफ ग्रोथ इंजन) स्कीम के तहत योजना को धरातल पर लाने के लिए जिला उद्योग केंद्र ने काम भी शुरू कर दिया है।
शासन ने स्कीम के तहत जिले में 10 से 50 एकड़ निजी जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का फैसला किया है। इसके लिए इच्छुक एक व्यक्ति या अधिक व्यक्ति समूह बनाकर जमीन दे सकेंगे। शासन की ओर बाउंड्री, पार्क, सड़क और अन्य निर्माण कार्यों के लिए प्रति एकड़ के हिसाब से 50 लाख रुपये का लोन छह साल के लिए एक प्रतिशत ब्याज पर दिया जाएगा। इस योजना से जिले में उद्योग-धंधों को संजीवनी मिलेगी।