Shahjahanpur News: तांत्रिक के चंगुल में फंसा परिवार, केसीसी लोन लेकर दे दिए 12 लाख
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 12 Oct 2023 12:44 AM IST
तिलहर। घर से प्रेतबाधा दूर करने और मकान में गड़ी संपत्ति दिलवाने के नाम पर तांत्रिक ने 12 लाख रुपये से अधिक हड़प लिए। शिकायत आने के बाद पुलिस ने तांत्रिक को हिरासत में ले लिया।
थाना क्षेत्र के गांव मुला गौहटिया निवासी रंजीत ने पुलिस को बताया कि उनके गांव में सखी बाबा के नाम से मशहूर एक तांत्रिक लंबे समय से पूजा पाठ के जरिये भूत बाधा दूर करने का दावा करता है। बताया कि उसकी बहन भी काफी समय से बीमार चल रही थी। कुछ लोगों ने उस पर प्रेत बाधा होने की बात कही। इस पर उसने सखी बाबा से संपर्क किया। उसने बहन पर भूत बाधा होने का दावा किया। इसके लिए घर पर हवन-पूजन किया गया। तांत्रिक ने घर में अकूत संपत्ति जमीन में गड़े होने की बात कही। संपत्ति दिलाने एवं घर से सभी प्रकार की आत्माओं को दूर करने के नाम पर तांत्रिक ने धीरे-धीरे उससे 12 लाख रुपये ले लिए। बताया कि उसने ये रुपये घर के गहने गिरवी रखकर और केसीसी से लोन लेकर तांत्रिक को दिए। अब तक न बहन ठीक हुई और न संपत्ति मिली। उसने तांत्रिक से रुपये वापस मांगे जिस पर विवाद हो गया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने रुपये लेने की बात स्वीकार की। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास जारी हैं। समझौता न होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।