Budaun News: सड़क की मरम्मत कराने के बजाय मिट्टी डालकर कर दी खानापूर्ति

उसावां हादसे के बाद घटना स्थल डाली गई मिट्टी। संवाद
म्याऊं। म्याऊं-हजरतपुर रोड पर जिस जगह हादसा हुआ था, वहां नाममात्र के लिए सड़क पर मिट्टी डाल दी गई है लेकिन गड्ढा पाटकर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। हैरानी की बात तो यह है कि इसको लेकर जल निगम और लोक निर्माण विभाग एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जिससे चार दिन तक गड्ढा ही नहीं भरा गया। हालांकि बाद में जलनिगम के ठेकेदार ने ही मिट्टी डलवाकर खानापूर्ति कर दी।
उसावां थाना क्षेत्र में सोमवार को म्याऊं-हजरतपुर रोड पर एक बड़ा हादसा हो गया था, जिसमें चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। इसके दो बड़े कारण रहे थे। एक तो सड़क किनारे बड़ा गड्ढा था, जिसे बचाने के चक्कर में स्कूल की बस दूसरे की स्कूल की मारुति वैन से टकराई थी। दूसरा कारण यह था कि वैन में क्षमता से ज्यादा बच्चे भरे हुए थे। एक बार को वैन निकल भी जाती लेकिन सड़क के गड्ढे से बचना और ज्यादा मुश्किल था।
म्याऊं-हजरतपुर रोड किनारे जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन डालने को गड्ढा खोदा गया था। वह काफी समय से ऐसा ही पड़ा था। इसके बावजूद न तो ठेकेदार ने उसे भरवाया था और न ही जल निगम के अधिकारियों ने मौके पर जाकर देखा था। उनकी लापरवाही का नतीजा यह कि चार बच्चों और एक युवक को जान गंवानी पड़ी।
जब इसका जवाब मांगा गया तो लोक निर्माण विभाग ने मामला जल निगम पर डाल दिया और जल निगम के अधिकारियों ने इसका जिम्मेदार लोक निर्माण विभाग को ठहरा दिया। लोक निर्माण विभाग का कहना था कि यह गड्ढा जल जीवन मिशन के तहत खोदा गया था तो उन्हें ही इसे बंद करना था। इसके बावजूद ठीक से गड्ढा भी नहीं भरवाया गया। यहां अब वाहनों के धंसने का डर बना है।
वर्जन
उसावां इलाके में जिस गड्ढे की वजह से हादसा हुआ था। वह जल जीवन मिशन के तहत खोदवाया गया था। नियम के अनुसार उन्हें ही गड्ढा बंद कराया जाना था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि अब गड्ढा भरवा दिया गया है। अगर उसमें कोई कमी रह गई है तो उसे दोबारा ठीक कराया जाएगा। – मनीष कुमार, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग
फोटो
परिवहन विभाग और पुलिस चेकिंग में 11 वाहन पकड़े, तीन सीज
बदायूं। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्कूल वाहनों की चेकिंग और सख्त कर दी है। शुक्रवार को चलाए गए अभियान के दौरान 11 वाहन पकड़े गए। उनमें तीन वाहनों को सीज कर दिया गया। एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीश कुमार ने बताया कि जरीफनगर इलाके में एक ईको कार से स्कूली बच्चों को ढोया जा रहा था। कुछ लोगों ने उसकी वीडियो भी बनाकर भेजी थी। इसकी सूचना जरीफनगर इंस्पेक्टर राकेश कुमार को दी गई, जिस पर उन्होंने कार को पकड़कर सीज कर दिया। इसी तरह पीटीओ रमेश प्रजापति ने बिल्सी इलाके में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने भी एक वाहन को सीज किया है और कई वाहनों के चालान किए। शहर और उसके आसपास इलाके में एआरटीओ प्रवर्तन और सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। शेखूपुर इलाके में भी एक गाड़ी को सीज कर दिया गया।

उसावां हादसे के बाद घटना स्थल डाली गई मिट्टी। संवाद

उसावां हादसे के बाद घटना स्थल डाली गई मिट्टी। संवाद