Budaun News: गंगा में डुबकी लगाते डूबा कांवड़िया

कांवड़िया भूदेव। फाइल फोटो
– उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाते समय तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। कछला गंगाघाट पर आस्था की डुबकी लगाते समय कांवड़िया भूदेव डूब गया। बेहोशी की हालत में साथियों ने उसे बाहर निकाल लिया, लेकिन इलाज को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने डूबने से मौत होने का दावा करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मृतक भूदेव (26) पुत्र प्रेमपाल सिंह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव सोबनपुर का निवासी था। वह अपने गांव के कांवड़ियों की टोली के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से रविवार तड़के करीब छह बजे गंगाघाट पर पहुंचा। इसके बाद टोली के सभी कांवडिया गंगा स्नान करने लगे। बताते हैं कि उसी दौरान भूदेव गंगा में गिर पड़ा। काफी देर तक वह नजर नहीं आया तो कांवड़ियों में गुड्डू और अमित की नजर उसके हाथ पर पड़ गई। कांवड़ियों ने भूदेव को खींच कर बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक वह बेहोशी की अवस्था में चला गया।
बेहोशी की हालत में भूदेव को टेंपो से लेकर साथ कांवडिये राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं की ओर निकल पड़े। भाई मोरपाल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही भूदेव ने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई ने बताया कि भूदेव डुबकी लगाते समय बह गया था। इसके विपरीत प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गंगा में कोई कांवड़िया नहीं डूबा है। भूदेव के बारे में जानकारी मिली है कि वह अचानक ही बेहोश हो गया था। बेहोश होने की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने के बाद ही पता लगेगी। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने भूदेव के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
…और कांवड़ियों के रेले में भी फंस गया टेंपो
– बेहोशी की हालत में भूदेव को टेंपो से राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में दो स्थानों पर जाम लगा था। कछला चौराहे के पास पुलिस कर्मियों ने रास्ता बनवाया लेकिन छतुइया के पास करीब 20 मिनट तक उनका टेंपो कांवड़ियों के रेले में फंसा रहा। इसके चलते भूदेव को समय रहते मेडिकल कॉलेज नहीं पहुंचाया जा सका।