Budaun News: पस्तौर में बुजुर्ग की मौत, शव रखकर जाम लगाने की कोशिश

वजीरगंज बिल्सी रोड पर जाम खुलवाने के बाद अकेली बैठी महिला। संवाद
– चार माह पहले बड़े बेटे पर लगा था बुजुर्ग के अपहरण का आरोप, चार लोगों पर दर्ज है एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
वजीरगंज (बदायूं)। थाना क्षेत्र के पस्तौर गांव में रविवार सुबह 85 वर्षीय चोखेलाल शर्मा की अचानक मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव ले जाते वक्त परिजनों ने सड़क जाम करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर उन्हें रोका। परिजन चार महीने पहले मृतक के अपहरण में नामजद बड़े बेटे समेत चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
ग्राम पस्तौर निवासी चोखेलाल शर्मा के बड़े बेटे जगदीश शर्मा और छोटे बेटे तेजपाल शर्मा के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। चार माह पहले तेजपाल शर्मा ने जगदीश शर्मा, उनकी पत्नी, बेटा और दामाद के खिलाफ अपने पिता के अपहरण के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। तेजपाल का कहना था कि उसका भाई जमीन के लालच में पिता को अपहरण करके ले गया और उसने उनके नाम की सारी जमीन अपनी पत्नी के नाम करा दी। जब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया तो आरोपी बुजुर्ग को छोड़कर चले गए। इस पर थाना पुलिस ने बुजुर्ग को बरामद दिखाते हुए उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया था।
रविवार सुबह अचानक चोखेलाल शर्मा की मौत हो गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोपहर के समय उनका पोस्टमार्टम भी करा दिया लेकिन जब परिवार वाले पोस्टमार्टम हाउस से लौट रहे थे। तब उन्होंने बिल्सी-वजीरगंज रोड पर बुजुर्ग का शव रखकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए जाम लगाने की कोशिश की। इसकी सूचना पर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय पहुंच गए। उन्होंने बुजुर्ग के परिवार वालों को समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया। देर शाम उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि बुजुर्ग की साधारण मौत हुई है। चूंकि एक मुकदमे से संबंधित मामला था। इससे बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।