Budaun News: विद्युत उपकेंद्र पर बदमाशों ने बोला धावा, कर्मचारियों को बंधक बनाकर की लूटपाट

विद्युत उपकेंद्र पर बदमाशों ने की लूटपाट
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र में बुधवार रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। करीब 10-12 बदमाश पीछे से फेसिंग काटकर विद्युत उपकेंद्र में घुस आए। बदमाशों ने विद्युत कर्मचारियों को बंधक बना लिया। कॉपर का तार और ट्रांसफार्मर का तेल लूटकर फरार हो गए। कर्मचारियों ने सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
विद्युत केंद्र में संविदा कर्मचारी राकेश पाल और एसएसओ इंग्लिश चारपाई पर लेटे हुए थे। रात में अचानक बदमाशों ने पीछे से कंबल डालकर दोनों कर्मचारियों को दबोच लिया और उन्हें रस्सी से हाथ पैर बांधकर बंधक बना लिया। सभी बदमाशों ने विद्युत उपकेंद्र से कॉपर की छह एलपी बुसिंग और ट्रांसफार्मर का तेल लूट लिया। सुबह 4: 30 बजे तक बदमाश लूटपाट करते रहे। इसके बाद मौके से भाग हो गए।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत में सनसनीखेज वारदात: गला काटकर चौथी बीवी की निर्मम हत्या, शौहर और ससुरालवाले फरार
कर्मचारियों ने किसी तरह खुद को बंधन मुक्त कराया और पुलिस को इसकी सूचना दी। बदमाश विद्युत उपकेंद्र से एक बाइक भी ले गए लेकिन वह उसे पीछे गड्ढे में फेंककर भाग गए। तब कहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जेई रणवीर सिंह ने बताया कि बदमाशों ने काफी लूटपाट की है। वह कितने का सामान लूट कर ले गए हैं, इसका स्टीमेट बनाया जा रहा है। थाना पुलिस ने विद्युत केंद्र पहुंचकर छानबीन की है।